बिहार की राजधानी पटना में 17 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत पहुंचीं. बात दरअसल यूं है कि मल्लिका शेरावत पटना में एक डांडिया नाइट कार्यक्रम में शिरकत करने आई थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात तेज प्रताप यादव से हुई, जब मल्लिका ने इच्छा जताई कि वह उनके परिवार से मिलना चाहती हैं, तो तेज प्रताप यादव भी तुरंत मान गए और उन्हें अपने सरकारी आवास पर ले आए.
राजद प्रमुख के पटना स्थित आवास पर मल्लिका शेरावत ने लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, रोहिणी आचार्य से मिलीं. यहां सामने बैठकर बातें तो हुईं. साथ ही वीडियो कॉल के जरिए परिवार के बाकी सदस्यों से भी बातचीत कराई गई.
जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस पूरे वाकये का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के अपने अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया. वीडियो पोस्ट करते हुए तेज प्रताप यादव ने लिखा कि बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मल्लिका शेरावत जी से एक यादगार पारिवारिक मुलाकात. आज का दिन मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए बेहद खास और यादगार रहा. बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री मल्लिका शेरावत जी पटना में आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं.
उन्होंने आगे लिखा कि जियो के एक कार्यक्रम के दौरान मेरी उनसे मुलाकात हुई थी. आज पटना आने पर उन्होंने मेरे माता-पिता और परिवार के सदस्यों से मिलने की इच्छा जताई. मुझे भी बहुत खुशी हुई और मैं उन्हें अपने घर लेकर गया, जहां उन्होंने मेरे माता-पिता और बहनों से आत्मीय मुलाकात की. उनका सरल स्वभाव, अपनापन और परिवार के प्रति सम्मान देखकर बहुत अच्छा लगा. मेरे माता-पिता और परिवार के सभी सदस्य भी उनसे मिलकर बेहद प्रसन्न हुए.
बता दें कि जो वीडियो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, उस वीडियो में मल्लिका शेरावत सोफे पर बैठी नजर आ रही हैं. मल्लिका के पास पूर्व सीएम राबड़ी देवी बैठीं हुई हैं. बगल में तेज प्रताप खड़े होकर मुस्कुरा रहे हैं. वह राबड़ी देवी से कुछ बातचीत भी करती हुईं नजर आ रहीं हैं. मल्लिका शेरावत के हाथ मोबाइल है और वह किसी से वीडियो कॉल बात कर रही हैं. उनके बगल सोफे पर दो और महिलाएं बैठीं हैं. तेज प्रताप यादव मल्लिका के बगल सोफे खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं.