SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

स्मैक की तलब में हुआ था राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई प्रिंस का मर्डर, पुलिस ने किया खुलासा, 3 बदमाश गिरफ्तार

पुलिस की थ्योरी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने स्मैक पीने के लिए पैसे जुगाड़ने को छिनतई की योजना बनाई थी. उनके रोकने पर जब प्रिंस नहीं रुका तो एक आरोपी ने गोली चला दी, जिससे प्रिंस बाइक सहित खेत में ढेर हो गया.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 19, 2026, 05:47 PM IST | Updated: Oct 19, 2026, 05:55 PM IST
Image Credit: मधेपुरा पुलिस ने प्रिंस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. (Video Grab)
Join

मधेपुरा में राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई प्रिंस कुमार (29) हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. इसके साथ ही पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 32 ग्राम स्मैक, वारदात में प्रयुक्त पल्सर 220 बाइक, लूटा गया मोबाइल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं.

सोमवार को एसपी संदीप सिंह ने एक प्रेस वार्ता कर वारदात के खुलासे की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने छिनतई के दौरान गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है. एसपी ने बताया कि 16 अक्टूबर को दिन के करीब 11 बजे साहूगढ़-गोड़ियारी रोड पर राजा ईंट-भट्ठे के पास प्रिंस की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा वार्ड-7 निवासी सुनील कुमार के बेटे थे. घटना के बाद सदर एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

READ ALSO: पीएचडी स्कॉलर को दिनदहाड़े गोली मारी: मधेपुरा में विश्वविद्यालय जा रहे विधायक के भाई को मौत के घाट उतारा

गिरफ्तार आरोपियों में साहूगढ़ बाजार टोला वार्ड-9 निवासी क्रांति कुमार (22), शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड-15 निवासी संजीत दास (32) और साहूगढ़ दुल्हाराम टोला निवासी गौरव कुमार (19) शामिल हैं. पूछताछ में क्रांति ने बताया कि घटना के दिन रुपये नहीं होने पर स्मैक खरीदने और पर्व-त्योहार के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से छिनतई की योजना बनाई थी.

पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने सड़क पर दो बाइक सवारों को रोककर मोबाइल, एटीएम कार्ड और चाबी छीनने की कोशिश की. इसी दौरान बैग लेकर आ रहे प्रिंस को कलेक्शनकर्मी समझकर रोकने की कोशिश की. उनके नहीं रुकने पर क्रांति ने गोली चला दी. गोली पेट के बगल में लगी और प्रिंस बाइक समेत खेत में गिर गए.

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोड़ियारी-सिहपुर रोड स्थित पुल के पास धान के खेत से मोबाइल बरामद किया. एसपी के अनुसार, गौरव ने वारदात में इस्तेमाल गोली उपलब्ध कराई थी. हथियार और स्मैक बरामदगी के मामले में अलग से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. आरोपियों ने हाल की कई छिनतई की घटनाओं में संलिप्तता भी स्वीकार की है. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES