बेतिया में तीन खौफनाक वारदातें: रेप, बच्ची का अपहरण और रील के विवाद में भाई की हत्या से सनसनी
बेतिया के मझौलिया थाना अंतर्गत वार्ड नंबर पांच से दो साल की नाबालिग बच्ची लापता हो गई है. वहीं, एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. साथ ही एक अन्य घटना में रील के विवाद में भाई की हत्या से सनसनी मच गई.
पश्चिमी चंपारण जिला के बेतिया में 7 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को क्राइम तीन बड़ी वारदातों ने सनसनी मचा दी. पहली घटना में मोबाइल का लालच देकर 10 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. दूसरी ओर मझौलिया थाना क्षेत्र से गायब हुई 2 साल की मासूम बच्ची का सुराग न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया. तीसरी दर्दनाक घटना रील बनाने के विवाद से जुड़ी है, जहां दो भाइयों के बीच हुए खूनी संघर्ष के दौरान नदी में डूबने से एक भाई की जान चली गई. वहीं, दूसरे भाई पर हत्या का आरोप लगा है.
मोबाइल दिखाकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
बेतिया में एक नाबालिग 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना साठी थाना अंतर्गत एक गांव की है, जहां दरवाजे पर खेल रही बच्ची को मोबाइल दिखाकर बहला-फुसलाकर एक युवक अपने घर ले गया और नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. बच्ची ने घर जाकर अपने परिजनों को बताया. इसके बाद परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया है. थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया है कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए बेतिया जीएमसीएच (GMCH) भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
2 वर्षीय मासूम बच्ची लापता, आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव
वहीं, मझौलिया थाना अंतर्गत वार्ड नंबर पांच से दो साल की नाबालिग बच्ची लापता हो गई है. दरवाजे पर खेल रही बच्ची के गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. बच्ची को एक महिला लेकर जा रही है, जो सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है. दो दिन से परिजन बच्ची की तलाश कर रहे हैं. 7 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को आक्रोशित स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव किया. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने एक महिला और उसके बेटे को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
परिजनों का आरोप है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बच्ची को बरामद कर सकती थी, लेकिन दो दिन से बच्ची नहीं मिल पाई है. वहीं, थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और बच्ची को बहुत जल्द बरामद कर लिया जाएगा. थाने पर आई भीड़ को पुलिस ने समझा-बुझाकर वापस भेज दिया है. हिरासत में लिए गए संदिग्ध आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
रील बनाने के विवाद में एक भाई की गई जान, दूसरे भाई पर लगा हत्या का आरोप
बेतिया में मोबाइल से रील बनाना महंगा पड़ गया है. भाई पर ही भाई की हत्या का आरोप लगा है. मझौलिया थाना अंतर्गत हरपुर गढ़वा में हीरामन राम और विश्वनाथ राम दो भाई हैं. हीरामन राम पिछले चार महीने से रील बना रहे थे, जिसका दूसरा भाई विरोध कर रहा था. बुधवार को उसी मामले को लेकर दोनों भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई और दोनों में जमकर मारपीट हुई. एक भाई से बचने के लिए दूसरा भाई भागने लगा और नदी में गिर गया. नदी में डूबकर एक भाई की मौत हो गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच (GMCH) भेज दिया है.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विश्वनाथ राम ने अपने भाई की हत्या की है. मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है. पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी