App

रूस में बजेगा बिहार के लाल का डंका: राजनगर विधायक सुजीत पासवान होंगे स्टेट ड्यूमा चुनाव में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक

रूसी संसद यानी स्टेट ड्यूमा के निचले सदन के लिए होने वाले चुनाव में बिहार के किसी विधायक को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक बनाना किसी उपलब्धि से कम नहीं है. वहां 18 से 20 सितंबर के बीच मतदान होना है.

रूस में बजेगा बिहार के लाल का डंका: राजनगर विधायक सुजीत पासवान होंगे स्टेट ड्यूमा चुनाव में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक
Image Credit: राजनगर विधायक सुजीत पासवान (Sujeet Paswan Facebook)

मधुबनी जिले के राजनगर से भाजपा विधायक सुजीत पासवान के नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल होने जा रही है. उन्हें रूस के संसदीय चुनाव में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है. रसिया संघ के सिविक चेम्बर ऑफ द रशियन फेडरेशन ने सुजीत पासवान को यह आधिकारिक आमंत्रण भेजा है. रूस में 18 से 20 सितम्बर, 2026 तक रूसी संसद (स्टेट ड्यूमा) का चुनाव होना है. इस चुनावी प्रक्रिया का मॉस्को स्थित सिचुएशन सेंटर में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक मॉनिटरिंग करेंगे.

सुजीत पासवान राजनगर विधानसभा सीट से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के विधायक चुने गए थे. उन्होने राजद प्रत्याशी को 42,000 वोटों से हराया था. वे बचपन में RSS की शाखा से जुड़े थे. फिर छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और नगर मंत्री बनाए गए थे.

सुजीत पासवान 2020 में भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य बने थे. उसके बाद युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी बनाए गए थे. अभी वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा बिहार प्रदेश के अध्यक्ष और मिथिला विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य हैं. 30 वर्षीय सुजीत पासवान का पैतृक गांव राजनगर के कसियौना गांव में है. वे जिले के सबसे कम उम्र के विधायक हैं.

भाजपा ने पूर्व मंत्री रामप्रीत पासवान का टिकट काटकर सुजीत पासवान पर दांव लगाया था और वे पार्टी के निर्णय पर खड़े उतरे थे. नेपाल से अयोध्या तक निकली देवशिला रथ यात्रा की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई थी. अब रूस भेजे जाने पर प्रदेश सहित इलाके में हर्ष का माहौल है और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.

वहीं, विधायक सुजीत पासवान ने बिहार और देश के लिए गौरव की बात बताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री और रूसी नेताओं सहित अन्य नेताओं के प्रति आभार जताया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author