समस्तीपुर में रेलवे का एक्शन: विद्यापतिधाम स्टेशन और स्मारक चौक पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन
समस्तीपुर में रेलवे ने विद्यापतिधाम स्टेशन और स्मारक चौक पर बुलडोजर एक्शन लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई दुकानदारों ने नोटिस के बाद स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया था.
समस्तीपुर जिले में विद्यापतिनगर विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन एवं स्मारक चौक के आसपास रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को मंगलवार (1 सितंबर, 2026) को रेलवे प्रशासन ने बुलडोजर चलाया. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे लगाए गए टीन शेड और अस्थायी संरचनाओं को तोड़ा गया. हालांकि, कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अधिकतर दुकानदारों ने रेलवे की ओर से जारी नोटिस के बाद स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया था. इसके बावजूद स्मारक चौक के समीप कुछ दुकानों के आगे लगाए गए टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण बचे हुए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से हटाया गया.
बचे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि रेलवे प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को करीब पांच दिन पूर्व नोटिस देकर रेलवे की जमीन को खाली करने का निर्देश दिया गया था. नोटिस मिलने के बाद अधिकांश लोगों ने अपनी-अपनी दुकान के आगे किए गए अस्थायी निर्माण को स्वयं हटा लिया. निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद रेलवे की टीम मंगलवार को विद्यापतिधाम पहुंची और शेष बचे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की. अतिक्रमण हटाने के दौरान मौके पर अंचलाधिकारी कुमार हर्ष, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष सूरज कुमार सहित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपीएफ के पदाधिकारी तथा स्थानीय पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कार्रवाई के दौरान रेलवे की जमीन की मापी एवं चिन्हित किए गए स्थानों से अस्थायी निर्माण हटाने की प्रक्रिया की गई.
किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील
रेलवे प्रशासन की कार्रवाई को लेकर मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. हालांकि, अधिकतर दुकानदारों द्वारा पहले ही अतिक्रमण हटा लिए जाने के कारण कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई. अधिकारियों ने लोगों से रेलवे की जमीन पर दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की. स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यापतिधाम स्मारक चौक और रेलवे स्टेशन के आसपास अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी होती थी. अस्थायी दुकानों और टीन शेड के कारण सड़क किनारे जगह कम हो जाती थी. रेलवे प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्टेशन एवं स्मारक चौक के आसपास का क्षेत्र पहले की अपेक्षा अधिक खुला दिखाई देने लगा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी निगरानी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय