राघोपुर नाव हादसा: मौत के मुंह से बाहर आ गए 8 लोग, 2 अब भी लापता
हाजीपुर में गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया. राघोपुर से दीघा जा रही नाव गांधी सेतु के पिलर नंबर 10 के पास बोल्डर से टकरा गई और पलट गई. इस हादसे में 8 लोगों को बचा लिया गया है. वहीं, दो लोग अभी भी लापता है.
हाजीपुर में गंगा के बीच बड़ा नाव हादसा हुआ है. आज (मंगलवार, 8 सितंबर, 2026) राघोपुर से दीघा की तरफ जा रही नाव महात्मा गांधी सेतु के पास बोल्डर से टकराकर पलट गई. नाव पर करीब 10 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है. हादसे के बाद 8 लोगों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि 2 लोगों की तलाश जारी है. हाजीपुर के महात्मा गांधी सेतु के पास की हैं, जहां गंगा की तेज धार के बीच अचानक नाव हादसे का शिकार हो गई.
मौके पर मची चीख पुकार
बताया जा रहा है कि नाव राघोपुर की तरफ से दीघा की ओर जा रही थी. इसी दौरान गांधी सेतु के पाया नंबर 10 के पास नाव पानी में मौजूद बोल्डर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव का संतुलन बिगड़ा और नाव गंगा में पलट गई. नाव पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव में जुट गए. लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 8 लोगों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन हादसे के बाद से 2 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गंगा का बहाव तेज होने की वजह से लापता लोगों की तलाश में भी मुश्किलें आ रही हैं. नाव हादसे की खबर मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद डीएम वर्षा सिंह भी मौके पर पहुंचीं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली. इस हादसे के बाद सिस्टम की तैयारी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के करीब दो घंटे बाद तक SDRF और NDRF की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी. हाजीपुर के गांधी सेतु के पास हुए इस नाव हादसे ने एक बार फिर बाढ़ के बीच नाव परिचालन और सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. अब नजर इस बात पर है कि गंगा की तेज धार में लापता लोगों को कब तक तलाश लिया जाता है.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह