SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अब अटर्नी जावेद हत्याकांड में रिमांड पर लेने की तैयारी: मुजफ्फरपुर में गिरफ्तार सीओ महेंद्र शुक्ला की और बढ़ेंगी मुश्किलें

किसी अंचलाधिकारी का नाम जमीन घोटाले में आए तो यह समझ में आता है, लेकिन अगर उसका नाम किसी मर्डर से जुड़ जाए तो यह अपने आप में असाधारण मामला बन जाता है. अब मुजफ्फरपुर पुलिस सीओ महेंद्र शुक्ल के रिमांड की तैयारी में है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 13, 2026, 01:57 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 02:18 PM IST
Image Credit: मुजफ्फरपुर में सीओ महेंद्र शुक्ल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. (Video Grab)
Join

मुजफ्फरपुर जिले में मुसहरी अंचल के अंचलाधिकारी (CO) महेंद्र शुक्ल की गिरफ्तारी के बाद मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अब पिछले साल के बहुचर्चित अटर्नी मोहम्मद जावेद हत्याकांड में सीओ महेंद्र शुक्ल को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है. एसएसपी कांतेश कुमार ने इसके लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी बना दी है. इससे पहले पुलिस ने सीओ से पूछताछ करने की कोशिश की थी, तब तबीयत खराब होने के कारण जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी. अब पुलिस अदालत से रिमांड मांगने जा रही है.

एसएसपी की ओर से गठित SIT मुख्य रूप से जमीन विवाद, अंचल कार्यालय के दस्तावेजों में फेरबदल और इस खौफनाक हत्याकांड के बीच के संभावित कनेक्शन की बारीकी से पड़ताल करेगी. अफसरों का मानना है कि रिमांड पर पूछताछ और एसआईटी की जांच के बाद आने वाले दिनों में इस दोहरे हत्याकांड में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं. हालांकि, CO महेंद्र शुक्ला और RO करुण कारण को 2 दिन पहले इलाके के 70 डिसमिल जमीन के फर्जी दाखिल खारिज करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था.

READ ALSO: दिलशाद मियां कस्टडी मौत मामला: बेतिया एसपी ने सहोदरा थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

दरअसल, 13 मई, 2025 की शाम को मुजफ्फरपुर मिठनपुरा थाना क्षेत्र के जिला स्कूल गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर जमीन कारोबारी जावेद और राजू नाम के युवक की हत्या कर दी थी. हत्याकांड की जांच में जमीन विवाद सामने आया था और मृतक जावेद मुसहरी के राजस्व कार्यालय से भी जुड़ा हुआ था. वारदात के बाद मृतक जावेद की बाइक से राजस्व कार्यालय से जुड़े हुए कई दस्तावेज और सामान पुलिस ने बरामद किए थे. उसके बाद मुसहरी के तत्कालीन अंचलाधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई थी. सवाल उठा कि राजस्व कार्यालय से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान मृतक जावेद के पास कैसे पहुंचे थे.

मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा की ओर से फर्जी म्यूटेशन के मामले में जिस तरह से निलंबित अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी पर कार्रवाई की गई है, उसके बाद मुसहरी अंचल के दर्जनों लोगों ने पुलिस कप्तान के कार्यालय में पहुंचकर धन्यवाद दिया है. साथ ही जावेद हत्याकांड मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी लोगों ने की है.

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जावेद और उसके साथी की हत्या के मामले में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में दोबारा से निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है. उन्होंने कहा कि न्यायिक हिरासत में भेजे गए मुसहरी के तत्कालीन अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी को पूछताछ के लिए कोर्ट में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

रिपोर्ट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES