जमुई की घटना को लेकर प्रशांत किशोर सरकार पर हमलावर, विधायक मैथिली ठाकुर पर भी कसा तंज
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहले से ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे हैं. अब जमुई कांड के बहाने उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लिया है. इसके साथ ही उन्होंने रात को घर से निकलने की बात करने वाली विधायक मैथिली ठाकुर पर भी तंज कसा है.
'जमुई की घटना भयावह और वीभत्स है. ‘जंगलराज’ के नाम पर वोट लेकर पिछले 20 साल से शासन करने वाले लोगों के दावों पर यह एक करारा तमाचा है. जबसे सम्राट चौधरी पावर में आए हैं, हर हफ्ते-दो हफ्ते पर ऐसी घटनाएं आपको सुनने को मिलती हैं. चाहे नीट छात्रा का केस हो या बेगूसराय की लड़की को होटल से उसके पिता के सामने मध्य रात्रि में खींचने की बात हो, या अभी जो जमुई की घटना हुई है.' जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ये मंगलवार को ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि सरकार बिहार को अपराधमुक्त नहीं अपराधयुक्त बना रही है.
उन्होंने नीट छात्रा और बेगूसराय होटल कांड का जिक्र करते हुए पूछा कि इन घटनाओं में कितने पुलिस पदाधिकारी सस्पेंड किए गए? खानापूर्ति के अलावा कुछ भी नहीं हुआ. एक भी अफसर सस्पेंड हुआ हो, तो बताइए. कोई जवाबदेही फिक्स की गई हो, तो बताइए.
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के छिटपुट वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने कहा, इस सरकार के आने के बाद ऐसी कितनी छिटपुट घटनाएं हुई हैं और सरकार ने क्या एक्शन लिया है? लेकिन बड़ी चिंता की बात यह है कि बिहार के लोगों को यह देखने-समझने की ज़रूरत है कि अगर आप अपराध और अपराधियों को अपने वोट से संरक्षित करते रहेंगे, मोदी जी के नाम पर वोट देते रहेंगे, तो आपके बच्चे और बच्चियों के साथ यही होगा.
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि इसमें एक शब्द जोड़ना होगा, जो कि समय की मांग है: खुद अपनी बेटी को पढ़ाओ, खुद अपनी बेटी को बचाओ. उन्होंने कहा कि मोदी जी न आपके बच्चों को पढ़ाने की चिंता करेंगे, न उनकी सुरक्षा की चिंता करेंगे.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने 3 नाबालिगों को भी इस केस में पकड़ा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि नाबालिग अपराधियों को कैसे कानून के शिकंजे से बचाना है, यह सम्राट चौधरी से बेहतर कौन जानता है?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगर किसी को कोई हाथ लगा दे, तो मैं अगली सुबह इस्तीफ़ा दे दूंगा. सुबह से आज दोपहर हो गई, यह घटना तो 19 की है, कहां है सम्राट चौधरी का इस्तीफ़ा?
प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस मैथिली ठाकुर को लोग आइकॉन बनाकर दरभंगा में वोट करके जिताए हैं, वो अंबानी जी के यहां परफ़ॉर्मेंस कर रही हैं. उनके लोग यहां बाढ़ में डूबे हुए हैं, यहां पर बच्चियों के साथ अपराध हो रहा है और वहां पर खड़े होकर वो ज्ञान दे रही हैं कि 12 बजे रात में भी बिहार में आप अकेले घूम सकते हैं. तो मैथिली ठाकुर जी, आप इसलिए घूम सकती हैं क्योंकि आप विधायिका हैं. कोई सामान्य लड़की 12 बजे बजे यहां घूम सकती है, ऐसा मुझे लगता नहीं है.
जमुई कांड के आरोपियों को राजद की ओर से फांसी की सजा की मांग किए जाने पर पीके ने कहा, वह तो खुद ही अपराधी पार्टी है, तो वो अपराध का ही बात करेगा. एनकाउंटर करने से अगर अपराध रुक जाता, तो नवंबर के बाद सम्राट चौधरी के उप-मुख्यमंत्री बनने के बाद जितने एनकाउंटर हुए हैं, बिहार तो सबसे शांतिप्रिय राज्य बन गया होता. एनकाउंटर करने से अपराध नहीं रुकेगा. जब तक बालू माफिया, शराब माफिया, ये लोग सत्ता में रहेंगे... आप इस सारे अपराध को कहीं न कहीं बैक जोड़िएगा, तो आपको उसमें शराब से, बालू से जुड़े हुए लोग मिलेंगे.
उन्होंने कहा कि मधुबनी में रोशन यादव की हत्या हुई, बंटी यादव की हत्या हुई, ये सब शराब माफिया से जुड़ा केस है. जमुई की घटना में बालू माफिया के लोग हैं. उन्होंने कहा कि जब तक जड़ नहीं सुधारिएगा, तब तक कैसे सुधार होगा?
एमएलसी चुनाव के डेट आने पर प्रशांत किशोर ने कहा जैसे बाकीपुर में मैंने कहा था कि बिहार के सबसे पढ़े-लिखे और प्रबुद्ध मतदाता हैं, वैसे ही इन एमएलसी चुनावों में बिहार के पढ़े-लिखे, स्नातक, शिक्षक वो वोट कर रहे होंगे. उनसे एक ही अपील करूंगा कि मेरे भाई, अपराधी और अनपढ़ लोगों को नेतृत्व मत दीजिए. अगर अनपढ़ों को, अपराधियों को आप अपना नेतृत्व देंगे, कुर्सी पर बैठाएंगे, तो आपका और आपके बच्चों का भविष्य नहीं सुधर सकता है.