23 अप्रैल से फरार हैं पूर्व RJD विधायक पप्पू खान: पुलिस ने घोषित किया 25 हजार का इनाम, कुर्की-जब्ती की तैयारी
नालंदा के बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र से राजद के पूर्व विधायक पप्पू खान पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है. पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
जमीन धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और रंगदारी के मामले में फरार चल रहे बिहारशरीफ के पूर्व विधायक नौशादुन नबी उर्फ पप्पू खान पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है. पुलिस मुख्यालय ने उनकी गिरफ्तारी या सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. मामले में उनकी पत्नी आफरीन सुल्ताना भी नामजद हैं और दोनों लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं.
मामला वेना थाना कांड संख्या 544/23 से जुड़ा है. आरोप है कि फर्जी दस्तावेज के जरिए पीड़ित ललन कुमार की सिहुली गांव में तीस डिसमिल जमीन और अन्य दूसरे लोगों की जमीन को अपनी पत्नी के नाम रजिस्ट्री कराकर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया. दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी है. पुलिस पूर्व विधायक के घर की कुर्की-जब्ती को लेकर न्यायालय के आदेश का इंतजार कर रही है. इससे पहले 23 अप्रैल, 2026 को पुलिस टीम ने उनके आवास पर छापेमारी की थी, लेकिन वे फरार हो गए थे और तब से लेकर आज तक फरार बताए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि पप्पू खान राजद के पूर्व विधायक रह चुके हैं, लेकिन उनकी हरकतों के कारण राजद ने भी उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया है. फिलहाल, वह किसी पार्टी के सदस्य नहीं हैं. वहीं, एसपी हृदयकांत ने अगले एक सप्ताह के भीतर पप्पू खान की गिरफ्तारी की बात कही है. हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने बोलने से परहेज किया.
बता दें कि 18 अक्टूबर, 2025 में राजद के पूर्व विधायक पप्पू खान दावा किया था कि आज की राजद अब लालू प्रसाद यादव की पार्टी नहीं रही, इसे कुछ लोगों ने हाईजैक कर लिया है. उन्होंने पार्टी में टिकट बंटवारे पर गंभीर आरोप लगाए थे. साथ ही कहा था कि पार्टी में टिकटों की बंदरबांट हो रही है और तीन-तीन करोड़ रुपये में टिकट बेचे जा रहे हैं. उन्होंने कहा था कि राजद पर पेशा#@# कर दूंगा, कसम खाता हूं वापस नहीं आऊंगा.
रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार