सिवान हादसे के बाद सहरसा में पुलिस का एक्शन, आधा दर्जन अवैध पटाखा दुकानें सील
सिवान में पटाखा विस्फोट के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई. इसके बाद से ही लगभग सभी जिलों में प्रशासन एक्शन मोड में है और लगातार अवैध पटाखा दुकानों और गोदामों पर छापेमारी कर रही है.
दीवाली से पहले पुलिस प्रशासन ने सहरसा के मुख्य बाजार क्षेत्र डीबी रोड स्थित शंकर चौक पर पटाखों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सिवान में पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट और हादसे के बाद, सहरसा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और पटाखों की अवैध दुकानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में सहरसा सदर SDPO के नेतृत्व में सदर अंचलाधिकारी, सदर थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस बलों ने पटाखों की दुकानों और गोदामों में छापेमारी की. इस दौरान कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन दुकानों को सील किया गया, जबकि कई दुकानों से भारी मात्रा में पटाखे भी जब्त किए गए हैं.
देर रात पुलिस ने की कार्रवाई
सहरसा का शंकर चौक शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे घनी आबादी वाले बाजार में पटाखों का भंडारण और बिक्री आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटना का खतरा पैदा कर सकती है. पिछले कई सालों से यहां पटाखों का भंडारण और बिक्री धड़ल्ले से चल रहा था.
खासकर दीवाली के मद्देनजर पुलिस को यहां रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई दुकानों और गोदामों में छापेमारी की. देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आधा दर्जन दुकानों को सील कर दिया और कुछ दुकानों से पटाखे जब्त किए. इस कार्रवाई के बाद पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
बिना वैध लाइसेंस बनाए जा रहे पटाखे
इस पूरे मामले को लकर सदर एसडीपीओ पंकज सिंह ने बताया कि जांच के दौरान दो ऐसी लाइसेंसी दुकानों की भी जानकारी मिली है, जिनके लाइसेंस किसी दूसरे स्थान के लिए जारी किए गए हैं. लेकिन, पटाखों की बिक्री यहां की जा रही थी. वहीं, बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण करने वाले दुकानदारों के पास से भी भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थान पर इस तरह पटाखों की बिक्री अवैध है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि सिवान में पटाखा विस्फोट के दौरान 5 लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद से ही लगभग सभी जिलों में कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: सिवान में पटाखा विस्फोट के बाद अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटना में अवैध दुकानों पर छापेमारी
रिपोर्ट: विशाल कुमार