App

पवन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा और पप्पू यादव... बिहार के नेताओं को भी मिल चुकी है लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी

लगता है लॉरेंस बिश्नोई गैंग देश भर की पुलिस के लिए लाइलाज हो चुका है. इतनी सारी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस गैंग के खिलाफ कार्रवाई का कोई ठोस रोडमैप किसी भी राज्य की पुलिस के पास नहीं दिख रहा है. उधर, बिश्नोई गैंग है कि आए दिन किसी न किसी को निशाने पर लिए रहता है.

पवन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा और पप्पू यादव... बिहार के नेताओं को भी मिल चुकी है लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी
Image Credit: बिहार के इन नेताओं के पास भी आई थी बिश्नोई गैंग के नाम से कॉल (AI Image)

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है. हमले में टाइगर श्रॉफ बाल बाल बच गए हैं, लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लगी है, जिससे वह घायल है. हमले के आरोपियों के तार राजस्थान, हरियाणा और बिहार से जुड़े हैं. इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से बिहार के राजनेताओं पप्पू यादव, उपेंद्र कुशवाहा और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भी लॉरेंस बिश्नाई की धमकी मिल चुकी है.

पप्पू यादव को कई धमकियां मिलीं

अक्टूबर, 2024 में मुंबई के राजनेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई को दो टके का अपराधी कहा था. पप्पू यादव ने यह भी बयान दिया था कि अगर कानून इजाजत दे तो वह 24 घंटे में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क खत्म कर देंगे. साथ ही उन्होंने सलमान खान को भी साथ देने का वादा किया था.

इसके बाद पप्पू यादव को वॉट्सऐप और वॉयस कॉल पर लगातार कई धमकियां मिली थीं. धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पप्पू यादव से माफी मांगने को कहा था और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद पप्पू यादव ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की अपील की थी.

उपेंद्र कुशवाहा के पास भी आए थे धमकी भरे कॉल

एनडीए की सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को जून 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गैंक के नाम से जान से मारने की धमकी मिली थी. बताया जाता है कि 19 जून, 2025 की रात 4:52 बजे से 9:20 बजे तक कुशवाहा को अलग अलग नंबरों से 7 धमकी भरे कॉल आए थे और एक एसएमएस भी मिला था. मैसेज और कॉल में उन्हें धमकी दी गई थी कि यदि वे एक खास राजनीतिक दल के खिलाफ बोलना जारी रखेंगे तो 10 दिनों में उन्हें खत्म कर दिया जाएगा.

धमकी भरे कॉल और एमएमएस आने पर उपेंद्र कुशवाहा ने पटना पुलिस और सचिवालय थाने में शिकायत की थी. जांच के बाद पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी सिवान निवासी राकेश कुमार को धर दबोचा था. उसके पास संबंधित नंबर वाला मोबाइल भी बरामद किया गया था. जांच में पता चला था कि धमकी देने वाला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य नहीं था.

पवन सिंह को धमकी, रंगदारी भी मांगी गई थी

पिछले साल यानी 2025 के दिसंबर में भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने सलमान खान के साथ बिग बॉस 19 के ग्रैंड फिनाले का मंच साझा किया था. इससे ठीक पहले बबलू नाम के एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पवन सिंह को वॉट्सऐप और वॉयस कॉल पर धमकी दी. धमकी में साफ कहा गया कि वह सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर न करें वरना लखनऊ में गोली मार दी जाएगी. पवन सिंह से इस दौरान मोटी रंगदारी भी मांगी गई थी.

पवन सिंह को भेजे गए मैसेज में यह भी कहा गया था कि तुम्हें नहीं पता तो उपेंद्र कुशवाहा और पप्पू यादव से पूछ लेना कि लॉरेंस बिश्नाई कौन है. इस धमकी के बाद पवन सिंह की टीम ने मुंबई पुलिस में दो शिकायतें दर्ज करवाई थीं. हालांकि, बाद बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ ऑडियो सामने आए थे, जिनमें उन्होंने पवन सिंह को धमकी देने की बात से इनकार किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sunil Mishra

Sunil Mishra

इंडस्ट्री में 2 दशकों का अनुभव है तो खबरों की बाजीगरी आती है. डिजिटल मीडिया में आधे दशक हो चुके हैं. लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में काम करना डिजिटल की दुनिया में मददगार साबित हुआ. दैनिक जागरण से शुरू हुआ सफर, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, News Nation, ABP और India Ahead होते हुए Z Bihar Jharkhand तक पहुंचा है. बिहार और झारखंड की स्थानीय और राजनीतिक खबरों की विशेष समझ.
Read More