दबंगों का कहरः पटना में जमीन विवाद में मारपीट, रिटायर्ड SI समेत 3 घायल, वैशाली में झगड़े का वीडियो वायरल
पटना के बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना अंतर्गत मसत्थू गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. उधर, वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गणिनाथ गांव में हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है.
राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना अंतर्गत मसत्थू गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में रिटायर्ड एसआई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल रिटायर्ड एसआई को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. इस घटना में उनके बेटे और पोते को भी गंभीर चोट आई है. मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पक्ष रिटायर्ड SI को लाठी और ईंट से पीटते हुए दिख रहे हैं.
अंचलाधिकारी के सामने हुई मारपीट
पीड़ितों का कहना है कि मारपीट के दौरान अंचलाधिकारी और उनके दो सरकारी गार्ड भी मौजूद थे. अधिकारियों के सामने दूसरे पक्ष ने उन पर जानलेवा हमला किया. अंचलाधिकारी वहां जमीनी विवाद को लेकर जांच करने पहुंची थी. वहीं, सीओ ने बताया कि उनके घटनास्थल से लौटने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है. उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़ा है. दरअसल, गांव में नाले का पानी इसी मुख्य सड़क से होकर निकलता है. एक पक्ष ने जमीन घेर लिया, जिससे गांव का पानी अब रास्ते पर ही गिरता है और सालभर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. पुलिस प्रशासन मामले पर नजर रखे हैं. दोनों पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
वैशालीः पांच लोगों पर जानलेवा हमला
उधर, वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गणिनाथ गांव में पिछले सप्ताह सोमवार की शाम करीब 4 बजे तलवार, लोहे के रॉड और लाठी-डंडे से लैस होकर हमलावरों ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. अब घटना का वीडियो सामने आया है. पीड़ित के अनुसार, गणिनाथ निवासी धीरेंद्र कुमार 21 सितंबर की शाम करीब 4 बजे अपने दरवाजे पर बैठे थे. इसी दौरान गांव के प्रमोद राय, सनोज कुमार उर्फ बल्ला, प्रवीण कुमार उर्फ भोलू, और नवीन कुमार समेत लगभग 10 अज्ञात व्यक्ति लोहे के रॉड, धारदार तलवार और लाठी-डंडों से लैस होकर आए और जानलेवा हमला कर दिया.
एक आरोपी गिरफ्तार, 6 की तलाश जारी
आरोप है कि प्रमोद राय ने अपने हाथ में लिए तलवार से धीरेंद्र कुमार पर वार किया, जिससे उनका सिर कट गया. उन्हें बचाने आए भाई पंकज कुमार पर सनोज कुमार उर्फ बल्ला ने लोहे के रॉड से जान मारने की नियत से वार किया, जिससे पंकज का सिर फट गया. हल्ला-गुल्ला सुनकर आए चचेरे भाई रौशन कुमार बाहर आए तो प्रवीण कुमार उर्फ भोलू ने तलवार से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया. प्रीति कुमारी ने हथौड़े से वार करके मनीष कुमार का सिर फोड़ दिया. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रमोद राय पिता गिगल राय और सनोज कुमार उर्फ बल्ला पिता गिगल राय, दोनों निवासी गणिनाथ बिदुपुर, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. बाकी अन्य 6 फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
बाढ़ से चंदन राय और हाजीपुर से राजकुमार की रिपोर्ट