नीतीश कुमार न उनके साथ और न ही नीरज कुमार के साथ, विधान परिषद चुनाव से ऐन पहले अनंत सिंह का दावा
अनंत सिंह की बगावत अब जनता दल यूनाइटेड के लिए गंभीर मसला बनता जा रहा है. चुनाव के मौके पर किसी भी पार्टी में किसी नेता का इस तरह बागी होना ठीक नहीं है. इस बगावत का फायदा दूसरे दल उठा सकते हैं, पार्टी नेतृत्व को यह समझना चाहिए.
जनता दल यूनाइटेड के मोकामा से विधायक अनंत सिंह पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे हैं और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. वे लगातार नीरज कुमार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और नीरज कुमार भी उनको बराबर जवाब दे रहे हैं. अब मतदान से एक दिन पहले अनंत सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा, 'नीतीश जी बीमार हैं. सबके उस्ताद, सबके गुरु हैं. नीतीश जी का इस इलेक्शन से कोई मतलब नहीं है. हम भी पार्टी में हैं, नीरज भी पार्टी में हैं. नीतीश जी एकदम इसमें कोई मतलब नहीं रखले हैं. जनता मालिक है, भगवान है. जेकरा वोट देगा, वो जीतेगा. नीतीश जी कनो नहीं, ना हमरा तरफ हैं ना ओकरा तरफ हैं. नीतीश जी कोई मतलब नहीं है. जो जैसा किया है, वैसा पावेगा.'
जनता दल यू की उल्टी गिनती शुरू: शक्ति यादव
अनंत सिंह के इस बयान पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि यह बात बिल्कुल सत्य है कि नीतीश कुमार जी की कोई अभिरुचि विधान परिषद चुनाव में नहीं है. जनता दल यूनाइटेड ऐसे भी दो खेमे में बंटा है. एक खेमा क्या कह रहा है, बताने की जरूरत नहीं है. यहां तक कि ललन सिंह ने कहा कि ये चुनाव तो मुख्यमंत्री तय करता नहीं है. हम लोग जो जीतते हैं, उससे मुख्यमंत्री बनता है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का हो या स्नातक का, स्नातक पर तो उनकी कड़ी चुनौती है कि 23 तारीख को सब कुछ हो ही जाना है. जनता दल यूनाइटेड की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है.
READ ALSO: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान कल, 150 उम्मीदवार मैदान में, 27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट
शक्ति यादव ने आगे कहा कि एक पक्ष ललन सिंह जी को मोदी मंत्रिमंडल से हटाना चाहता है, तो दूसरा पक्ष मंत्री बनना चाहता है. कोई आरसीपी के रास्ते किसी नेता को ले जाना चाहता हैं, कोई चाहता है कि दबदबा बना रहे. जो लोग समता पार्टी से लेकर अभी तक निष्ठा के साथ उस दल में काम किया, उन्हें तो कोई पूछ ही नहीं रहा. अब तो आयाती नेताओं ने ही जिस तरह से जकड़ में लिया है और इनके कई नेता कई तरह के आरोप भी लगा रहे हैं कि इन लोगों ने घेरकर नीतीश कुमार जी को कमजोर कर दिया.
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि नीतीश कुमार इन चुनावों में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं. नालंदा-पटना का जो मामला है, उसमें तो स्पष्ट तौर पर उन्होंने सिग्नल दे दिया है किसी के लिए, किसी का नाम लिया नहीं है.
सभी 8 सीटों पर जीतेंगे एनडीए प्रत्याशी: अंजुम आरा
अनंत सिंह की बातों को लेकर जनता दल यूनाइटेड की प्रवक्ता अंजुम आरा ने कहा कि यह उनके अपने व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं, लेकिन पार्टी के सर्वमान्य नेता और हम सभी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार जी का नेतृत्व और उनका मार्गदर्शन हम कार्यकर्ताओं के लिए सर्वोपरि है. रही बात बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव की तो उसमें पूरा एनडीए मजबूती से खड़ा है और इंटैक्ट है. पटना स्नातक चुनाव में हमारे सम्मानित उम्मीदवार नीरज कुमार जी के पक्ष में पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता, हमारे समर्थक खड़े हैं. किसी का बयान हमारे कार्यकर्ताओं के मनोबल को प्रभावित नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि इसमें कहीं दोराय नहीं है कि आठों सीट पर एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों की जनता के आशीर्वाद से बड़ी जीत होने जा रही है.
नीतीश कुमार के हाथ से जनता दल यूनाइटेड निकल चुका है: शिशिर
कांग्रेस प्रवक्ता शिशिर कौण्डिल्य ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड में ऑपरेशन लोटस शुरू हो चुका है. अनंत बाबू का बयान इस प्रकार की बात को इंगित करता है. अब बात यहां ये है कि जनता दल यूनाइटेड के जो कार्यकारी अध्यक्ष हैं या राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, वो लगता है कि माइनस मुंगेर और माइनस मोकामा अध्यक्ष हैं. कुल मिलाकर देखिए एमएलसी चुनाव में इस बात की स्थिति उत्पन्न हो गई है. अनंत बाबू जो बयान दे रहे हैं, उससे तो साफ जाहिर है कि नीतीश कुमार के हाथ से जनता दल यूनाइटेड निकल चुका है.
वशिष्ठ नारायण सिंह का हालचाल लेने IGIMS अस्पताल पहुंचे अनंत सिंह
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह से IGIMS अस्पताल जाकर मुलाकात की. अनंत सिंह ने वशिष्ठ नारायण सिंह से कुशलक्षेम जाना और जल्द उनके स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की. अनंत सिंह ने मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की.
वशिष्ठ नारायण सिंह ने अस्पताल से नीरज कुमार के लिए मांगे वोट
जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह बीते कुछ दिनों से पटना के IGIMS अस्पताल में भर्ती हैं. बीते दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के विधायक अनंत सिंह समेत कई नेता उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे. जेडीयू के अंदर MLC चुनाव को लेकर लगातार खींचतान देखने को मिल रहा है. अब वशिष्ठ नारायण सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि नीरज कुमार एनडीए के उम्मीदवार हैं. सभी लोग मिलकर नीरज कुमार को वोट दें, उनकी मदद करें.