App

बिहार MLC चुनावः नीतीश कुमार से मिले नीरज कुमार, अनंत सिंह संग विवाद सुलझाने की कवायद तेज

मोकामा विधायक अनंत सिंह के विरोध के बीच नीरज कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनसे पार्टी का समर्थन पत्र हासिल किया. नीतीश कुमार के हाथों से नीरज कुमार को समर्थन पत्र दिला कर पार्टी ने अनंत सिंह को बड़ा मैसेज भेज दिया है.

बिहार MLC चुनावः नीतीश कुमार से मिले नीरज कुमार, अनंत सिंह संग विवाद सुलझाने की कवायद तेज
Image Credit: नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को JDU का समर्थन पत्र दिया (Zee Media)

बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट को लेकर हलचल तेज है. मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं. उन्होंने तो यहां तक दिया है कि वह नीरज कुमार को हराकर मानेंगे. अनंत सिंह संग विवाद के बीच नीरज कुमार ने आज (शनिवार, 3 अक्टूबर) पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को पार्टी का समर्थन पत्र भी दिया. नीतीश कुमार से NDA समर्थित जेडीयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र लेकर नीरज कुमार ने अनंत सिंह की उस बात का जवाब देने की कोशिश की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस चुनाव में पार्टी का सिंबल नहीं है. उन्होंने कहा था कि नीरज कुमार के विरोध को पार्टी का विरोध कहना गलत होगा.

अब नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से समर्थन पत्र लेकर अनंत सिंह को बड़ा मैसेज देने की कोशिश की है. उधर, पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी दोनों नेताओं में सुलह कराने की कोशिश में जुटा है. जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने यह जानकारी दी. मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ऐसे मामलों का फैसला पार्टी के बड़े नेता आपस में बैठकर करते हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले को देखने की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को दी गई है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है. पार्टी में जब इस तरह की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसका फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर तय करते हैं. नीरज कुमार और अनंत सिंह के मामले को देखने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा हैं.

उन्होंने मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया पर भरोसा रखने तथा थोड़ा इंतजार करने की अपील की. मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यदि किसी नेता के जिम्मे यह काम दिया गया है, तो थोड़ा इंतजार कीजिए. इंतजार करने के बाद सही बात सबके सामने आ जाएगी. उन्होंने दावा किया कि बातचीत के जरिए मामले का हल निकालने का पूरा प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही समाधान निकलने की उम्मीद है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संज्ञान में है और इस संबंध में उनसे बातचीत भी हुई है.

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि समाधान में थोड़ा समय लग रहा है, लेकिन बहुत जल्द इस मामले का निपटारा हो जाएगा. उनके बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रही है और इस मामले में अंतिम निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा. बता दें कि जेडीयू के विधायक अनंत सिंह सार्वजनिक तौर पर जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में उतर आए हैं. उन्होंने अनुज सिंह की जीत का भी दावा किया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More