अस्पताल से घर लौटे नीरज कुमार, समर्थकों से कहा- मजबूती से डटे रहें, मां भगवती न्याय करेंगी
नीरज कुमार अस्पताल से तो ठीक होकर घर आ गए, लेकिन चुनाव में अनंत सिंह ने उनके खिलाफ ताल ठोकी हुई है, उसका क्या? पार्टी भी अनंत सिंह को लेकर नतमस्तक दिख रही है. पहले कार्रवाई की बात हो रही थी, अब वो भी नहीं हो रही है. देखना यह है कि अनंत सिंह के विरोध के बाद भी कैसे नीरज कुमार चुनाव जीत पाते हैं?
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार अस्पताल से घर लौट आए हैं. सोमवार रात को सीवान में पूजा करने के दौरान नीरज कुमार के सीने में तेज दर्द उठा था. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना लाया गया और मेदांता अस्पताल के आईसीयू में एडमिट करवाया गया था. अब वे दुरुस्त होकर घर लौट आए हैं. घर आने के बाद नीरज कुमार ने कहा, समर्थकों से अपील करते हैं कि अब काफी कम समय बचा है और आपके बीच हम उपस्थित नहीं है आप सभी लोग मजबूती के साथ खड़े रहें. उन्होंने कहा कि सभी लोगों के आशीर्वाद से अब स्वस्थ हूं. मां भगवती ने हमको न्याय दिया है और आगे भी देती रहेंगी.
नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय में बिगड़ी है, जब बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया चल रही है. वह खुद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी हैं. इस सीट पर उनका मुकाबला जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह से हो रहा है. विधान परिषद चुनाव में यह सीट इस बार सबसे ज्यादा चर्चाओं के केंद्र में है. इसका कारण यह है कि जनता दल यूनाइटेड के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इस चुनाव में नीरज कुमार के साथ न होकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं.
अनंत सिंह खुल्लमखुल्ला जनता दल यूनाइटेड आलाकमान के आदेशों की तौहीन कर रहे हैं और पार्टी उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है. अनंत सिंह को मनाने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को भी जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी एनडीए के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, विधान पार्षदों की बैठक बुलाई थी और एकजुटता का संदेश दिया था, लेकिन अनंत सिंह उस बैठक से बाहर निकलते ही अनुज सिंह के गुण गाने लगे थे. जाहिर है कि अनुशासन का पाठ जपने वाले एनडीए में भी इस बार बगावत सिर चढ़कर बोल रहा है.
नीरज कुमार के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने को लेकर जब अनंत सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बूथ पर पैसा देना होगा, इसलिए वह बीमार हो गए हैं. नीरज कुमार का सब दिन का ये आदत है. पैसा देने के वक्त बीमार हो जाते हैं. 2 घंटा बाद ठीक हो जाएंगे, फिर अस्पताल से वापस आ जाएंगे. नीरज कुमार अब ऐसे मौके पर अस्पताल से वापस लौटे हैं, जब प्रचार के लिए कुछ ही घंटे शेष बचे हैं. उधर, अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के पक्ष में रोड शो कर रहे हैं और नीरज कुमार को उल्टा सीधा बोल रहे हैं.