सनकी ASI पर हत्या का मुकदमा: स्पीडी ट्रायल से दोषी को दी जाएगी कड़ी सजा, फरार आरोपी गिरफ्तारी के लिए 5 स्पेशल टीम गठित
मधुबनी के बाबूबरही के बलिराजगढ़ गांव में सनकी ASI ने एक झटके में अशोक यादव के परिवार को उजाड़ दिया. महिला के साथ एक घर में पकड़े जाने के बाद सनकी ASI ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें अशोक यादव की मौत हो गई. 3 अन्य घायल हैं.
बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में हुई घटना को जिला प्रशासन ने अत्यंत दुखद एवं गंभीर बताया है. जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं सहानुभूति प्रकट की है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा दोषी के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी और कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
मंगलवार को जिलाधिकारी और एसएसपी खोजपुर चौराहा स्थित धरनास्थल पहुंचे. यहां उन्होंने धरनारत लोगों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और उनकी भावनाओं और चिंताओं को समझा. इस दौरान घटना से अत्यंत मर्माहत एक वृद्ध महिला भावुक होकर जिलाधिकारी को पकडकर बिलखने लगीं. जिलाधिकारी ने उन्हें ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है.
मामले में त्वरित कार्रवाई, ASI निलंबित
घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अस्पताल जाकर पीड़ित और उनके परिजनों से भेंट की. उसके बाद संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. आरोपी के विरुद्ध बाबूबरही थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. फरार ASI की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके. फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी तरह से सक्रिय एवं तत्पर है और मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी.
स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दिलाई जाएगी कड़ी सजा
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की विधिसम्मत और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी. स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया मे तेजी लाया जाएगा, ताकि आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिल सके. घटना की गंभीरता को देखते हुए न्याय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी जिलाधिकारी की ओर से संवेदनशील पहल की गई है. राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को ₹20,000 की मदद प्रदान की गई है. साथ ही, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तय सहायता राशि अविलंब उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सभी देय सरकारी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि इस कठिन समय में परिवार को आवश्यक आर्थिक संबल मिल सके.
शांति-सद्भाव बनाए रखने की अपील
इस मौके पर डीएम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों एवं भड़काऊ संदेशों से बचें. उन्होंने सभी लोगों से शांति, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाये रखने तथा विधि-व्यवस्था संधारण में जिला प्रशासन एवं पुलिस को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है और मामले में कठोर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.