'पैदा ही कांग्रेस की गोद में हुए हैं और जो पैदा करता है, वह...', सांसद पप्पू यादव का सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा पर तगड़ा प्रहार
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने असम के सीएम हिमंता विश्वा शर्मा पर तगड़ा प्रहार किया है. साथ ही बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री को भी अपने निशाने पर लिया. सांसद ने कहा कि वह कांग्रेस की गोद में पैदा हुए, जो पैदा किया वह खत्म करना जानता है. वहीं, धीरेंद्र शास्त्री को 'लफुआ-जाहिल' कहा.
भागलपुर में सांसद पप्पू यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है. पूर्णिया रैली में हिमंता बिस्वा शर्मा की तरफ से राहुल गांधी को 'पागल' कहे जाने पर पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्हें चुनौती देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि जब राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, तो हिमंता और उनके आका की जगह या तो जेल होगी या पागलखाने में होगी.
पप्पू यादव ने कहा कि हिमंता बिस्वा शर्मा तो पैदा ही कांग्रेस की गोद में हुए हैं और जो पैदा करता है और बनाता है, वह खत्म करना भी जानता है. गोबर पर घी डालने से भी गोबर की महक ही आएगी. बीजेपी के जितने नेता हैं, आजादी से पहले से लेकर अब तक सबने अंग्रेजों की दलाली की है. उन्होंने कहा कि हेडगेवार ने भगवान के अस्तित्व को नहीं माना. मैं हिमंता बिस्वा शर्मा को चैलेंज करता हूं कि वे मणिपुर जाकर यह सब दिखाए. सबका हिसाब 28 और 29 के बीच हो जाएगा.
'लफुआ-जाहिल', धीरेंद्र शास्त्री पर बरसे पप्पू यादव
वहीं, पप्पू यादव ने बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'लफुआ-जाहिल' कहा, जबकि प्रेमानंद महाराज और ओशो को सच्चा संत बताया. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि थोड़ा सा पढ़ तो लीजिए, आपने 13 करोड़ बिहारियों को बदनाम किया है.
मामला क्या था? जानिए
बागेश्वर धाम के सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसके बाद देश भर में सियासत तेज हो गई है. इसी पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने तो कह दिया कि राम जी के पांच बाप हैं. तुम हमारे राम को भी गाली दो, कृष्ण को भी गाली दो, पर किसी ने एक शब्द नहीं कहा. इस्कॉन, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने क्यों नहीं बोला? जिस दिन यह पैदा हुआ, तभी हमने कह दिया था कि यह लफुआ है.
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने आगे कहा कि प्रेमानंद संत हैं, ओशो संत हैं. संत वह है जो मानव कल्याण की बात करे. ये लफुआ-जाहिल कैसे संत हो गए जो मेरी आस्था पर ठेस पहुंचाते हैं? देश को बांटने का काम कौन कर रहा है?
वहीं, पिछले दिनों सम्राट चौधरी की तरफ से दिए गए अपराध और क्राइम से जुड़े बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 40 सालों से बिहार और बिहारी गाली बन चुके हैं. हे मुख्यमंत्री जी, कुछ पढ़ तो लीजिए. आपके आचरण और व्यवहार के चलते 13 करोड़ बिहारी बदनाम हो रहे हैं. बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभानअल्लाह. एक छठी पास है, एक दसवीं पास है, हमाम में सब नंगे हैं.