परिसीमन रोकने के लिए सदन में मरने की तैयारी करनी होगी, सांसद पप्पू यादव का बड़ा बयान
परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष विरोध कर रहा है. इस बीच पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव का परिसीमन को लेकर बयान सामने आया है.
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव का परिसीमन बिल को लेकर बड़ा बयान सामने आया है. पप्पू यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार हमेशा हड़बड़ी में क्यों रहती है? देश में परिसीमन से ज्यादा जरूरी मुद्दे हैं, उन पर भी काम हो. परिसीमन रोकने के लिए सदन में मरने की तैयारी करनी होगी. अपने भी धोखा देते हैं, संघर्ष करना होगा और सदन में मजबूती से आवाज उठानी होगी.
विपक्ष को सबक सिखाएंगी महिलाएं
वहीं, महिला आरक्षण बिल को लेकर राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने देश के प्रधानमंत्री का आभार जताया. वहीं, बिल का विरोध करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है. धर्मशीला गुप्ता ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल के रास्ते में अगर किसी ने रोड़ा अटकाने की कोशिश की, तो देश की महिलाएं उसे सबक सिखाने के लिए तैयार हैं. दरभंगा में राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना सीधे तौर पर नारी शक्ति का विरोध करना है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष को इन दोनों महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध करने के बजाय इनके समर्थन में आगे आना चाहिए.
राहुल गांधी को उठक-बैठक कराने पर मजबूर होंगी महिलाएं
धर्मशीला गुप्ता ने तीखे अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल को पारित होने से रोकने की कोशिश करेंगे, तो देश की महिलाएं उन्हें उठक-बैठक कराने पर मजबूर कर देंगी. उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं जागरूक हैं और अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं. महिलाएं राजनीति में अपनी भागीदारी और सम्मान के लिए किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं करेंगी. सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए विपक्ष से दोनों विधेयकों पर सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की.
हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष निशा सिंह ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण पर चर्चा होने जा रही है और इसके लागू होने की पूरी उम्मीद है. उन्होंने जोर देकर कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से विधानसभा और लोकसभा सहित हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी. इससे महिलाएं अपने अधिकारों के लिए खुद आवाज उठा सकेंगी और स्वयं निर्णय लेने में सक्षम होंगी.
महिलाओं को बराबर की हिस्सेदारी मिलनी चाहिए
उन्होंने आगे कहा कि अब तक केवल यही कहा जाता था कि महिलाओं को सभी सुख-सुविधाएं मिल रही हैं, लेकिन महिलाएं सिर्फ सुविधाओं की पात्र नहीं हैं, बल्कि नीति निर्धारण और निर्णय लेने में भी उनकी बराबर की हिस्सेदारी होनी चाहिए. उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल और महिलाओं को यह आजादी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया. महिला आरक्षण बिल लागू होने के बाद राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और इसके प्रभावों को लेकर कटिहार की महिला जनप्रतिनिधि ने बड़ा बयान दिया है.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने: परिसीमन पर भी जुबानी जंग तेज, झारखंड में गरमाई सियासत