मोतिहारी में जिउतिया पर्व पर बड़ा हादसा: पोखर में नहाने गई 4 बच्चियों की मौत, दो सगी बहनें भी शामिल
Motihari News: मोतिहारी के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव में जिउतिया पर्व के दौरान पोखर में नहाने गई चार नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं. इस हादसे के बाद परिवार वाले का रो-रोकर बुरा हाल है.
Motihari News: बिहार के मोतिहारी जिले में आज शुक्रवार की सुबह तालाब में डूबने से 4 बच्चियों की मौत हो गई है. यह घटना पहाड़पुर थाना के बनकट गांव की है. यहां, जिउतिया पर्व के दौरान चार नाबालिग लड़कियां गांव के ही पोखर में नहाने गई थीं. नहाने के दौरान चारों लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं. एक ही गांव की चार लड़कियों की मौत की खबर सुनकर गांव में सन्नाटा फैल गया है. इस गांव में त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. वहीं, मृतकों के घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. आपको बता दें कि चारों मृतक बच्चियों में दो सगी बहनें भी थीं.
गहरे पानी में डूबने से चारों की मौत
चारों मृत नाबालिग बच्चियों की पहचान बनकट गांव के प्रमोद महतो की पुत्री सोनामति उम्र (13) वर्ष, फूलमती उम्र (10) वर्ष, वीरेंद्र महतो की पुत्री सोनाली कुमारी उम्र (10) वर्ष और अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व के लिए चारों बच्चियां गांव के ही कुछ और बच्चों और परिजनों के साथ पोखरे में नहाने गई थीं. इसी दौरान वे चारों गहरे पानी में डूबने लगीं. घटना की सूचना नहा रही पांचवीं बच्ची ने गांव जाकर दी. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों बच्चियों की डूबने से मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया
घटना की तत्काल सूचना पहाड़पुर थाना को दी गई. मौके पर पहाड़पुर थाना पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद तत्काल चारों बच्चियों को पहाड़पुर सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी बच्चियों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया.
दो सगी बहनों की मौत
एक ही चारों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम फैल गया. वहीं, मृतकों के घर में चीख-पुकार मच गई. त्योहार के दिन एक ही घर की दो सगी बहनों की मौत की खबर के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार