मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा फैसला, 4 दोषियों को उम्रकैद और 5-5 लाख रुपये जुर्माना
बिहार के मोतिहारी में 2023 के हरसिद्धि जहरीली शराब कांड में विशेष अदालत ने चार दोषियों को आजीवन कारावास और 5-5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है.
मोतिहारी में चर्चित जहरीली शराब कांड से जुड़े मामले में माननीय विशेष न्यायाधीश उत्पाद-1, मोतिहारी द्वारा त्वरित विचारण के उपरांत 04 अभियुक्तों को आजीवन कारावास और 5-5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है. मोतिहारी पुलिस द्वारा प्रस्तुत ठोस साक्ष्यों एवं चार्जशीट के आधार पर कोर्ट ने यह फैसला दिया है. विदित हो कि वर्ष 2023 में मोतिहारी के सुगौली, पहाड़पुर,तुरकौलिया, रघुनाथपुर और हरसिद्धि थाना क्षेत्र में करीब 54 लोगों की जहरीली शराब पीने से जान चली गई थी. तब पुलिस के दवाब और भय से कई लोगों ने शव को जला दिया था. आज सिर्फ हरसिध्दि थाना क्षेत्र में हुए बारह मौत मामले में सजा सुनाई गई है.
हरसिद्धि कांड से जुड़ा है मामला, विभिन्न धाराओं में मिली सजा
यह मामला हरसिद्धि थाना कांड संख्या-249/23 (TR NO-1598/23) से संबंधित है. जहरीली शराब के कारोबार एवं इससे जुड़े संगठित अपराध करने के आरोप में दोषियों को धारा-34 Excise Act के तहत आजीवन कारावास एवं 5-5 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है. इसके अतिरिक्त धारा-304 IPC में 10 वर्ष का कारावास, धारा-30(a) Excise Act में 5-5 वर्ष का कारावास एवं 1-1 लाख रुपये का अर्थदंड और धारा-33 एवं धारा-36 Excise Act में 10-10 वर्ष का कारावास एवं 1-1 लाख रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया गया है.
सजा पाने वाले 4 अभियुक्तों का विवरण
नवल किशोर उर्फ गब्बर यादव, पिता- वीरेंद्र राय, साकिन- जयसिंहपुर करमवा
राजेश सहनी, पिता- चरित्र सहनी, साकिन- सोहेल, छपरा (दोनों थाना- तुरकौलिया, जिला- पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी)
अजय कुमार यादव, पिता- गौरीशंकर यादव
ललन यादव, पिता- बीरबहादुर यादव (दोनों साकिन- दिपहु, थाना- कोटवा, जिला- पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी)
अभियोजन व अनुसंधान में इनकी रही भूमिका
इस मामले के त्वरित विचारण व सजा दिलाने की प्रक्रिया में विशेष लोक अभियोजक अनील कुमार सिंह तथा अनुसंधानकर्ता जय प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मोतिहारी एसपी मोहबुल हक ने स्पष्ट किया है कि जहरीली शराब और संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
(मोतिहारी से पकंज कुमार की रिपोर्ट)