App

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: RLM विधायकों की बगावत के बाद भी JDU प्रत्याशी आनंद पुष्कर के नामांकन में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 में से 3 विधायकों आलोक सिंह, माधव आनंद और रामेश्वर महतो ने बगावत कर दी है. इन तीनों विधायकों ने एनडीए के प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन देने से मना कर दिया है और रामपुकार सिन्हा का समर्थन करने का खुला ऐलान कर दिया है. ऐसे में एनडीए में भी गुटबाजी कायम होती दिख रही है.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: RLM विधायकों की बगावत के बाद भी JDU प्रत्याशी आनंद पुष्कर के नामांकन में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन
Image Credit: आनंद पुष्कर के नामांकन में दिखा एनडीए का शक्ति प्रदर्शन (Video Grab)

बिहार एमएलसी चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर के नामांकन में एनडीए के कई दिग्गज नेताओं ने अपने उपस्थिति दर्ज कराई. इस दौरान सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों से आनंद पुष्कर को जिताने की अपील की गई. नामांकन के मौके पर सोमवार को छपरा के सिटी गार्डन में भव्य सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. ये हाल तब है, जब राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 में से 3 विधायकों ने बगावती तेवर अपनाते हुए ऐलान कर दिया है कि वे आनंद पुष्कर के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने वाले रामपुकार सिन्हा का समर्थन करने का खुला ऐलान कर दिया है.

सम्राट सरकार लगातार शिक्षकों के लिए काम कर रही

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार शिक्षकों के मान-सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है. ऐसे में सरकार को मजबूती देने के लिए शिक्षकों का समर्थन एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में होना जरूरी है. इन नेताओं ने शिक्षकों से आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की.

70 बनाम 30 की लड़ाई

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव प्रभारी एवं विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि इस बार का चुनाव 70 बनाम 30 के अनुपात की लड़ाई है. उन्होंने दावा किया कि 70 प्रतिशत मतदाता पहले ही गोलबंद हो चुके हैं और इस बार आनंद पुष्कर की भारी मतों से जीत तय है.

आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान की अपील

मंत्री दिलीप जायसवाल ने आनंद पुष्कर की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि शिक्षकों का समर्थन एनडीए प्रत्याशी के साथ है. उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की.

नामांकन में ये दिग्गज रहे मौजूद

सभा में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री सुनील कुमार, मंत्री श्रवण कुमार, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव, विधायक रणधीर सिंह, मनोरंजन सिंह धूमल, सांसद विजय लक्ष्मी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक देवेश कांत, विधायक व्यास सिंह, पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, विधायक रामसेवक सिंह, पूर्व पार्षद एवं मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज, हम विधायक ललन मांझी सहित एनडीए के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

रालोमो के 4 में से 3 विधायकों की बगावत

बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बगावत की खबरें हैं. विधान परिषद चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के 4 में से 3 विधायकों आलोक सिंह, माधव आनंद और रामेश्वर महतो ने बगावत का बिगुल बजा दिया है. तीनों विधायकों ने NDA समर्थित जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर का समर्थन करने से इनकार कर दिया है. माधव आनंद ने एक्स पर एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author