राजधानी पटना में रविवार (19 अक्टूबर, 2026) देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने अटल पथ पर कई राहगीरों को कुचल दिया. हादसे के बाद अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो पलट गई और उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जा गिरी. इस दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी गाड़ी की चपेट में आ गया. हादसे में छह से सात लोग घायल हुए थे. वहीं, अब 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. कई घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास की है.
हादसे में स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे. हादसे के बाद चालक समेत स्कॉर्पियो में बैठे सभी लोग मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है. गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है. पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
प्रत्यक्षदर्शियों में से एक रोहित सिंह ने बताया कि 11:30 बजे की घटना है. गाड़ी में चार लोग सवार थे. हादसे के बाद बाकी लोग भाग गए, जबकि ड्राइवर, जो शराब के नशे में था, उसे पुलिस ने पकड़ लिया. गाड़ी पर JDU (जनता दल-यूनाइटेड) का झंडा लगा था. सड़क पर घायल लोग तड़पते दिखे, जबकि स्कॉर्पियो के शीशे के टुकड़े और राहगीरों के सामान बिखरे पड़े थे.

वहीं, बेगूसराय में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना जीरोमाइल थाना क्षेत्र के बिहट स्थित रतन चौक के पास की है. मृतका की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी शिवदानी पंडित की पत्नी सावित्री देवी के रूप में हुई है. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है.
दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय के जीरोमाइल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहट स्थित रतन चौक के पास का है. मिली जानकारी के अनुसार, बरौनी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी शिवदानी पंडित अपनी पत्नी सावित्री देवी को बाइक पर बैठाकर बिहट स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे. पूजा करने के बाद दोनों पति-पत्नी बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रतन चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और दोनों को कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि सावित्री देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति शिवदानी पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिवदानी पंडित को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद जीरोमाइल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा और बेगूसराय से जितेंद्र चौधरी की रिपोर्ट