SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कटिहार वकील हत्याकांडः वकीलों की पेन डाउन स्ट्राइक आज, घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया

कटिहार में अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की सोमवार सुबह करीब 10 बजे हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास हुई. इस घटना को लेकर इलाके में डर और गुस्से का माहौल देखने को मिल रहा है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 06, 2026, 09:18 AM IST | Updated: Oct 06, 2026, 09:22 AM IST
Image Credit: कटिहार में वकील गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े हत्या से हड़कंप (Zee Media)
Join

कटिहार में वकील अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की सोमवार (5 अक्टूबर) को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाएगा. घटना नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली पटेल चौक के पास की है. सीसीटीवी में अपराधी एकदम बेखौफ दिख रहे हैं और बिना डरे इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो जाते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन लोगों ने सड़क पर अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को घेर लिया और उन्हें स्कूटर से गिराकर मारपीट करने लगे. बदमाशों ने गोली मारने से पहले चाकुओं से कई वार किए, वकील गुड्डू अंसारी भी बदमाशों को बराबर टक्कर दे रहे थे. इस पर एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बड़े आराम से वहां से फरार हो गए.

आज हड़ताल पर रहेंगे सारे वकील

घटना के बाद स्थानीय लोग उन्हें उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पीड़ित परिजनों ने एक पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद से इलाके में गुस्से और भय का माहौल देखने को मिल रहा है. इस घटना के विरोध में कटिहार बार एसोसिएशन ने आज पेन डाउन स्ट्राइक करने का फैसला लिया है. आज सभी अधिवक्ता कोर्ट परिसर में काला बिल्ला लगाकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे.

घटना और उनके निधन के मामले को लेकर वकीलों में गहरा रोष व्याप्त है एवं घटना को अत्यंत दुखद, निंदनीय और चिंताजनक बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी अधिवक्ता इस निर्णय की अवहेलना करते हुए आरोपी की तरफ से केस लड़ता है, तो अधिवक्ता संघ उसके खिलाफ उचित व सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा. - भास्कर सिंह, सहायक सचिव, कटिहार बार एसोसिएशन

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

उधर, पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. कटिहार के एसपी परिचय कुमार ने इस घटना को लेकर कहा कि सोमवार की सुबह करीब सवा 10 बजे जिले के पटेल चौक के पास हुई. उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार अधिवक्ता जीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी स्कूटर से जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी. एसपी ने बताया कि FSL की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए. उन्होंने कहा कि हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे.

रिपोर्ट- रंजन कुमार, कटिहार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES