कटिहार में वकील अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की सोमवार (5 अक्टूबर) को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाएगा. घटना नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली पटेल चौक के पास की है. सीसीटीवी में अपराधी एकदम बेखौफ दिख रहे हैं और बिना डरे इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो जाते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन लोगों ने सड़क पर अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को घेर लिया और उन्हें स्कूटर से गिराकर मारपीट करने लगे. बदमाशों ने गोली मारने से पहले चाकुओं से कई वार किए, वकील गुड्डू अंसारी भी बदमाशों को बराबर टक्कर दे रहे थे. इस पर एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बड़े आराम से वहां से फरार हो गए.
आज हड़ताल पर रहेंगे सारे वकील
घटना के बाद स्थानीय लोग उन्हें उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पीड़ित परिजनों ने एक पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद से इलाके में गुस्से और भय का माहौल देखने को मिल रहा है. इस घटना के विरोध में कटिहार बार एसोसिएशन ने आज पेन डाउन स्ट्राइक करने का फैसला लिया है. आज सभी अधिवक्ता कोर्ट परिसर में काला बिल्ला लगाकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे.
घटना और उनके निधन के मामले को लेकर वकीलों में गहरा रोष व्याप्त है एवं घटना को अत्यंत दुखद, निंदनीय और चिंताजनक बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी अधिवक्ता इस निर्णय की अवहेलना करते हुए आरोपी की तरफ से केस लड़ता है, तो अधिवक्ता संघ उसके खिलाफ उचित व सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा. - भास्कर सिंह, सहायक सचिव, कटिहार बार एसोसिएशन
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
उधर, पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. कटिहार के एसपी परिचय कुमार ने इस घटना को लेकर कहा कि सोमवार की सुबह करीब सवा 10 बजे जिले के पटेल चौक के पास हुई. उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार अधिवक्ता जीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी स्कूटर से जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी. एसपी ने बताया कि FSL की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए. उन्होंने कहा कि हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे.
रिपोर्ट- रंजन कुमार, कटिहार