App

बिहार में जेडीयू ने बढ़ाई बीजेपी की मुश्किल: सांसद कौशलेंद्र बोले- बिहार में लागू नहीं होगा यूनिफॉर्म सिविल कोड

यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बिहार एनडीए में तनातनी का दौर चल रहा है. हालांकि, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर प्रावधान सामने आने की बात कही है, लेकिन जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने साफ कर दिया है कि बिहार में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू नहीं होगा.

बिहार में जेडीयू ने बढ़ाई बीजेपी की मुश्किल: सांसद कौशलेंद्र बोले- बिहार में लागू नहीं होगा यूनिफॉर्म सिविल कोड
Image Credit: कौशलेंद्र कुमार, नालंदा सांसद (Video Grab)

बिहार में किसी भी सूरत में समान नागरिक संहिता लागू नहीं होगी. नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने मंगलवार को यूसीसी को लेकर ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि जेडीयू केंद्र में एनडीए के साथ है, लेकिन बिहार के मामले में इस मुद्दे पर पार्टी अलग से विचार करेगी. उन्होंने जेडीयू नेता श्याम रजक के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस मुद्दे पर अपना स्टैंड पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार में बीजेपी की सरकार जेडीयू के सहयोग से चल रही है और राज्य में कोई भी बड़ा फैसला दोनों दलों की सहमति से ही होगा.

बता दें कि समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी के मुद्दे पर जेडीयू और भारतीय जनता पार्टी के बीच मतभेद के साफ संकेत दिखाई दे रहे हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से देश के 21 राज्यों में 2029 से पहले तक समान नागरिक संहिता लागू किए जाने का दावा किया गया था. बिहार में इसका सबसे तीव्र रिएक्शन देखने को मिला.

जनता दल यूनाइटेड ने अमित शाह के इस बयान का कड़ा प्रतिवाद किया और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने तो अमित शाह से मिलने की भी बात कही. दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने यूसीसी के मुद्दे पर जनता दल यूनाइटेड को घेरते हुए पूछा कि आखिर अमित शाह के बयान पर पार्टी का स्टैंड क्या है और उसे क्लीयर करना चाहिए कि वह इसके खिलाफ है या समर्थन में है.

दूसरी ओर, इस मुद्दे पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने सीधे जवाब देने से बचने का काम किया और कहा कि पार्टी प्रवक्ता इस मुद्दे पर पहले ही अपना पक्ष रख चुके हैं. पार्टी का जो स्टैंड होगा, वही उनका स्टैंड होगा. उन्होंने कहा कि यह विधायक दल का नहीं, बल्कि पार्टी की नीति और सिद्धांत का विषय है. इस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अधिकृत प्रवक्ता ही आधिकारिक बयान देंगे।

बता दें कि ग्रामीण विकास मंत्री सह जेडीयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार मंगलवार को बिहार शरीफ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे थे, जहां युवा रोजगार एवं कौशल विभाग और जिला नियोजनालय, नालंदा की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया था. इस मौके पर नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे.

रिपोर्ट: ऋषिकेश, नालंदा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author