नवादा में जापानी शिक्षिका ने शुरू किया छठ व्रत, सात्विक भोजन कर रही हैं काना मियामुरा
छठ पर्व लोक आस्था का सबसे बड़ा महापर्व माना जाता है. इस पर्व महत्व इस बात से ही लगाया जा सकता है कि बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड ही नहीं देश के कई हिस्सों में भी मानया जाने लगा है. इतनी ही नहीं अब तो विदेशी में छठ पर्व पर पूजा करते नजर आते हैं. पूरी दुनिया में जहां भी बिहार के प्रवासी लोग रह रहे हैं, वहां इस पर को वह मनाते हैं.
बिहार का लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा अपनी पवित्रता, परंपरा और आस्था के लिए पूरी दुनिया में एक अलग पहचान रखता है. इस महापर्व की महिमा अब विदेशियों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है. इसका एक अनूठा उदाहरण नवादा जिले के पिरौटा गांव में देखने को मिल रहा है, जहां जापान से आई एक शिक्षिका ने भारतीय संस्कृति और परंपरा से प्रभावित होकर छठ व्रत शुरू किया है. जापानी शिक्षिका काना मियामुरा के इस कदम ने गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाके के लोगों को भी आश्चर्यचकित कर दिया है.
भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं व्रती महिलाएं और पुरुष
आमतौर पर छठ महापर्व बिहार और झारखंड समेत देश के कई राज्यों में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. इस दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं. मगर, नवादा के पिरौटा गांव में इस बार छठ पूजा इसलिए खास बन गई है, क्योंकि जापान की रहने वाली काना मियामुरा भी पूरी श्रद्धा के साथ इस कठिन व्रत की परंपरा निभा रही हैं.
काना मियामुरा ने छठ पूजा की काफी पहले से शुरू कर दी थी तैयारियां
बताया जा रहा है कि काना मियामुरा ने छठ पूजा की तैयारियां काफी पहले से शुरू कर दी थी. पिछले दो महीनों से वह सात्विक भोजन कर रही हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने खानपान से लहसुन और प्याज तक का त्याग कर दिया है, ताकि छठ व्रत की परंपराओं और नियमों का पूरी तरह पालन कर सकें.
छठ के पारंपरिक गीत भी गा रही हैं काना मियामुरा
इन दिनों वह गांव की महिलाओं के साथ मिलकर छठ के पारंपरिक गीत भी गा रही हैं. भारतीय महिलाओं के बीच बैठकर छठी मैया की आराधना करना और इस पर्व की परंपराओं को आत्मसात करना उनके लिए एक खास अनुभव बन गया है.
आस्था और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती
काना मियामुरा की यह पहल बताती है कि आस्था और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती. भाषा, देश और सरहदें भले ही अलग हों, लेकिन श्रद्धा लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं से जोड़ देती है. नवादा के पिरौटा गांव में जापानी शिक्षिका का छठ व्रत इस बात की खूबसूरत मिसाल बन गया है कि बिहार की लोक आस्था का आकर्षण अब सात समंदर पार तक पहुंच रहा है.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा
यह भी पढ़ें: पटना के एक दर्जन से अधिक पार्कों में होगी छठ पूजा, जू की झील से लेकर इको पार्क तक व्रतियों के लिए होंगे खास इंतजाम