जमुई में अमंगल: मां नेतुला मंदिर को दंडवत देकर लौट रहीं 9 लड़कियों को हाइवा ने कुचला, दो की मौत, 7 घायल
Jamui News: जमुई जिले के सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर धरसंडा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने 9 लड़कियों को कुचल दिया. दोकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7लड़कियां घायल हो गई.
Jamui News: बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर धरसंडा मोड़ के समीप मंगलवार की सबुह करीब 4:30 बजे एक सड़क हादसे में दो किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लड़कियां घायल हो गई. ये सारे लड़कियां नवरात्र के अवसर पर मां नेतुला मंदिर, कुमार में पूजा-अर्चना कर पैदल अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान नवादा की ओर से सिकंदरा की तरफ आ रहे एक अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने 9 लड़कियों को कुचल दिया और घटनास्थल से फरार हो गया. हादसा इतना भयावह था कि 2 किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लड़कियां घायल हो गई. इसमें से 4 कि स्थिति गंभीर बताई जा रही है. मृत किशोरियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी और सकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मृत किशोरियों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई. वहीं, गांव और आसपास के इलाके के लोग मौके पर जुट गए.
तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला
मिली जानकारी के अनुसार, शारदीय नवरात्र के दौरान मां नेतुला मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह-सुबह पैदल ही पहुंच ही जा रहे हैं. मंगलवार की सुबह भी पंचमहुआ गांव निवासी सुलेखा कुमारी,अंशु कुमारी, सिंकू कुमारी, खुशबू कुमारी, लछिया कुमारी और अंजलि कुमारी सहित अन्य लोग साथ में मां नेतुला मंदिर में पूजा करने गई थीं. पूजा-अर्चना करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान धरसंडा मोड़ के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सबको अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश
हादसे के समय सड़क पर कई अन्य श्रद्धालु भी पैदल आ-जा रहे थे. इसी दौरान अचानक हुए इस सड़क हादसे मे दो किशोरियों की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. वहीं, पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है.
दो किशोरियों की मौत से भड़का आक्रोश
वहीं, दोनों किशोरियों के क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिकंदरा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और जमुई जाने वाले मुख्य चौक को जाम कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला