)
जमुई जिला में नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव को 28 सितंबर, 2026 दिन शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इस दौरान एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि जितने भी आरोपी थे सब की गिरफ्तारी हो चुकी है, अब इस मामले में कोई आरोपी नहीं बचा हैं.
दरअसल, घटना के बाद से ही पूरे बिहार में आक्रोश का माहौल था. पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फौरन कार्रवाई शुरू कर दी थी.
बता दें कि जमुई में छात्रा के साथ छेड़खानी मामले में पुलिस ने प्रतापपुर से 2 और आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस घटना में एक बहुत बड़ा खुलासा किया है. जमुई पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त नंदन यादव और हरेराम यादव को भरत राम के बेटे छोटू रवानी और रंजीत राम के बेटे सौरभ कुमार ने फोन करके घटना वाले स्थल पर बुलाया था.
नए खुलासा के अनुसार, फिर इन दोनों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की थी. इससे पहले भी पुलिस 2 मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है. साथ ही अन्य तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है. ध्यान दीजिएगा कि पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर किया था, जो घायल हो गया था.
बता दें कि जमुई के मड़वा पहाड़ की यह पूरी घटना है. यहां एक नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ इन आरोपियों ने मारपीट और बदसलूकी की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए कार्रवाई की. शुरुआत में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद अब 2 और आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा. इस मामले में कुल 7 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला