जमुई की घटना बेहद शर्मनाक: दोषियों को ऐसी सजा मिले कि भविष्य में कोई दुस्साहस न करे, मुकेश सहनी आपे से बाहर
मुकेश सहनी पिछले काफी दिनों से उत्तर प्रदेश में हैं और वहां के विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के लिए जमीन तलाश रहे हैं. अभी उनकी कोशिश उत्तर प्रदेश के निषाद वोटरों में पार्टी की पैठ स्थापित करने की है.
पटना: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने जमुई में हुई घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत ही शर्मसार करने वाली है. इस घटना से पूरे बिहार के लोग शर्मिंदा हैं. किसी को भी ऐसी घटना की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है.
मुकेश सहनी ने कहा कि जमुई, लखीसराय और मुंगेर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र हैं. उनके क्षेत्र में इस तरह घटना का होना बेहद शर्मनाक है. सरकार और प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए. घटना में जो भी लोग दोषी हैं, उनकी पहचान कर उन्हें कानून के तहत ऐसी सजा दी जानी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके.
READ ALSO: क्यूल नदी के पास छुपे थे हरेराम-नंदन यादव: जमुई में छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने की धरपकड़, एक को लगी गोली
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए. किसी भी घटना के बाद केवल कार्रवाई की घोषणा पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों को शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा मिलना भी जरूरी है. इससे पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिलेगा और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा.
सहनी ने कहा कि बिहार की जनता शांति, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीना चाहती है. इसलिए सरकार को ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाएगा.