महाराष्ट्र में बॉलीवुड स्टार और जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के तार बिहार के बेगूसराय से जुड़ा है. इसके बाद जिले में भी इस घटना की चर्चाएं तेज हो गई हैं. महाराष्ट्र पुलिस ने तीन लड़कों को इस घटना को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बालिग है और एक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है. उसकी पहचान बेगूसराय के पिपरा निवासी रामू महतो के बेटे ऋतिक कुमार महतो के रूप में हुई है. वह मुंबई में रहकर रैपिडो ड्राइविंग करता था.
मीडिया की टीम जब ऋतिक के गांव पहुंची, तो घरवालों ने पुलिस की ओर से जारी की गई तस्वीर को पहचानने और उसके बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया. वहीं, गांव में इस तस्वीर को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है. इनमें एक ऋतिक कुमार महतो है. कुछ ग्रामीणों का दावा है कि तस्वीर ऋतिक कुमार महतो की हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घरवालों का कहना है कि ऋतिक कुमार महतो पिछले दो से तीन महीनों से मुंबई में रहकर खाना बनाने का काम कर रहा था. परिवार का कहना है कि बीती रात से उसका मोबाइल फोन बंद है और उससे बातचीत नहीं हो पाई है. ऐसे में परिवार भी उसकी वर्तमान स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है.
बताया जा रहा है कि ऋतिक के घरवाले गांव में छोटी मोटी दुकान चलाते थे, लेकिन उसके पकड़े जाने के बाद से वे लोग दुकान बंद कर निकल गए हैं. फिलहाल, इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या हिरासत में लिया गया युवक ऋतिक कुमार महतो ही हैं? क्या उसका इस गोलीबारी की घटना से कोई संबंध है? इन सवालों के बारे में आधिकारिक जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही मिल पाएगी.
बता दें कि रविवार शाम को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर उस वक्त फायरिंग की गई, जब वे फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे. घटना के बाद सक्रिय हुई मुंबई पुलिस ने सोमवार को फायरिंग के आरोपियों को राजस्थान के कोटा स्टेशन से पकड़ लिया. उनमें से एक की पहचान बिहार के बेगूसराय के रहने वाले ऋतिक कुमार महतो के रूप में हुई.
रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार, बेगूसराय