App

मुख्यमंत्री जी! क्या आप अपराधियों को अपराध करने और तब रील न बनाने की सलाह दे रहे हैं?

जमुई मामले में सम्राट चौधरी के बयान पर विपक्ष हमलावर है. सीएम सम्राट ने कहा था- 'मैं तो बार-बार कहता हूं अपराधियों को- अरे, मेरे पुलिस को चैलेंज क्यों करते हो? चैलेंज करोगे तो चौबीस घंटा में जवाब मिलेगा ही, दूसरा कोई उपाय नहीं है.'

मुख्यमंत्री जी! क्या आप अपराधियों को अपराध करने और तब रील न बनाने की सलाह दे रहे हैं?
Image Credit: सीएम सम्राट चौधरी (@samrat4bjp)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक रिएक्शन वायरल हो रहा है- 'रील नहीं बनाया होता तो पकड़ाता क्या?' वे जमुई जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और उसके बाद हाफ एनकाउंटर का जिक्र कर बिहार पुलिस की पीठ थपथपा रहे थे, लेकिन मामला उल्टा पड़ गया. अब मुख्यमंत्री का यह बयान वायरल हो रहा है. मंगलवार (22 सितंबर, 2026) को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में पीएम सूर्य घर योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह बयान दिया था, जो आलोचना के घेरे में आ गया है. उनके इस बयान पर विपक्ष ने भी उन्हें निशाने पर लिया है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने बयान में क्या कहा था?

आजकल 'रील हीरो' बहुत हो गए हैं. आजकल रीले बनिये रहा है, समझ गए? अभी दो दिन से मैं देख रहा था खाली रील ही बन रहा था. मैं बार-बार कहता हूं कि हमारा प्रशासन सुशासन के लिए जाना जाता है और सुशासन नहीं होगा तो सुरक्षा नहीं होगी. इसलिए मैं तो बार-बार कहता हूं अपराधियों को- अरे, मेरे पुलिस को चैलेंज क्यों करते हो? चैलेंज करोगे तो 24 घंटे में जवाब मिलेगा ही, दूसरा कोई उपाय नहीं है. अरे, अपना जीवन जियो, कोई मना नहीं करता. लेकिन कोई आपराधिक घटना करने से समाज का कोई हीरो नहीं हो सकता. आजकल रील बनाने के चक्कर में मारा जा रहा है.  आपने देखा होगा, उसने (जमुई मामला) यदि रील नहीं बनाया होता तो पकड़ाता क्या? इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे.

सीएम सम्राट चौधरी के इस बयान पर राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है. आलोचकों और विपक्ष का तर्क है कि ऐसी टिप्पणियों से यह धारणा बनती है कि पुलिस अपराधियों को तब तक पकड़ने में असमर्थ है, जब तक वे पीछे कोई रील या सबूत न छोड़ दें.

तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा- 'मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं भाई रील बनाओगे तो मारे जाओगे, रील नहीं बनाओगे तो बच जाओगे. यह तो खुद अपराध नीति है. 7-7 हत्या का केस चल रहा है मुख्यमंत्री पर और दूसरों को आइडिया दे रहे हैं कि रील मत बनाओ, तो बच जाओगे. चुनाव में पीएम आकर कहते हैं कि रील बनाओ और ये लोग जो है... इतना गंभीर मामला है और ये लोग हल्की-फुल्की बातें करते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More