SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

देवखाल चौर में पांडवों की रक्षा के लिए माता कुंती ने की थी सूर्य उपासना! समस्तीपुर में आज भी जीवंत, महाभारत काल जुड़ी है गाथा

महाभारत काल से समस्तीपुर का देवखाल चौर जुड़ा है. ऐसी मान्यता है कि यहीं माता कुंती ने छठ पूजा की थी. पांच हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला यह ऐतिहासिक चौर सालभर पानी से भरा रहता है. हर साल छठ पर यहां हजारों श्रद्धालु जुटते हैं और ग्रामीणों के सहयोग से घाट सजाए जाते हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 14, 2026, 10:44 IST | Updated: Nov 14, 2026, 10:56 IST
Image Credit: महाभारत काल से जुड़ा है समस्तीपुर का देवखाल चौर (Photo-AI)
Join

समस्तीपुर जिले में एक ऐसा ऐतिहासिक स्थल है, जिसका संबंध लोकआस्था के सबसे बड़े महापर्व छठ और महाभारत काल की पौराणिक कथाओं से जोड़ा जाता है. उजियारपुर प्रखंड के भगवानपुर कमला गांव स्थित देवखाल चौर धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक विशेषताओं का अनूठा संगम है. करीब पांच हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला यह विशाल चौर अपनी एक खास पहचान रखता है.

स्थानीय मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में लाक्षागृह की आग से बचकर निकलने के बाद पांडव जब दलसिंहसराय के पांड गांव पहुंचे थे, तब माता कुंती ने इसी देवखाल चौर के तट पर भगवान सूर्य की उपासना कर छठ व्रत किया था. तभी से यहाँ छठ पूजा की परंपरा चली आ रही है. इस बार भी महापर्व को लेकर यहां तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.

कौरवों की साजिश के तहत बनाए गए लाक्षागृह में आग लगाए जाने के बाद पांडव गुप्त सुरंग के रास्ते सुरक्षित बाहर निकले थे. वहां से निकलने के बाद पांडव समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय स्थित पांड गांव पहुंचे थे. उस समय कार्तिक मास चल रहा था. पांडवों की सकुशल रक्षा और उनकी मंगलकामना को लेकर माता कुंती ने देवखाल चौर के तट पर भगवान भास्कर की आराधना की थी. स्थानीय लोग इसे छठ पूजा की प्राचीन परंपरा से जोड़कर देखते हैं.

करीब पांच हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले देवखाल चौर की सबसे बड़ी खासियत इसका जलस्तर है. स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि भीषण गर्मी के मौसम में भी इस चौर का पानी पूरी तरह नहीं सूखता. सालभर पानी रहने के कारण यह इलाका प्राकृतिक रूप से भी खास महत्व रखता है. छठ महापर्व के अवसर पर आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं.

समाजसेवी राजू सहनी हर साल ग्रामीणों के सहयोग से यहां छठ घाट के निर्माण, साफ-सफाई और व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इस बार भी वे स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने में जुटे हैं. उनका प्रयास रहता है कि छठ व्रतियों को भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो. स्थानीय स्तर पर लोगों के सहयोग से घाटों को तैयार किया जाता है और रोशनी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है. ग्रामीणों की यह सामूहिक पहल देवखाल चौर की धार्मिक परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रही है.

देवखाल चौर के समीप स्थित ऐतिहासिक पांडव स्थान भी इस इलाके की मुख्य पहचान है. यहां पांडव कृष्ण धाम मंदिर स्थापित है. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 2002 में इस इलाके में हुई खुदाई के दौरान प्राचीन दीवारों, दुर्लभ मूर्तियों और कुषाणकालीन सभ्यता से जुड़े अवशेष मिले थे. मिट्टी के ऐसे बर्तन भी मिलने की बात कही जाती है, जिन पर ब्राह्मी लिपि के चिह्न अंकित थे. इन अवशेषों के कारण यह क्षेत्र धार्मिक ही नहीं, बल्कि पुरातात्विक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है.

इतनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, पौराणिक मान्यताओं और गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र होने के बावजूद देवखाल चौर और पांडव स्थान आज भी सरकारी उपेक्षा का शिकार हैं. हर साल छठ महापर्व पर यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन घाटों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था के लिए स्थानीय समाजसेवियों और ग्रामीणों को अपने स्तर पर पहल करनी पड़ती है.

स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि देवखाल चौर और पांडव स्थान का समुचित विकास किया जाए, तो यह धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है. इससे न केवल बिहार की इस ऐतिहासिक धरोहर को देश-दुनिया में पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.

रिपोर्ट: मंटून कुमार रॉय

यह भी पढ़ें: छठ घाट की खुदाई में मिली भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति, कटिहार में आस्था का केंद्र बना जेके गोला, पुरातत्व विभाग करेगा जांच

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES