30 हजार भूमिहीन परिवारों के लिए खुशखबरी: NDA सरकार के एक साल पूरे होने पर मिलेगा जमीन का पर्चा
15 नवंबर को बिहार सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर 30 हजार और लोगों को जमीन का पर्चा दिया जाएगा. इस बात की जानकारी राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने दी है.
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार भूमिहीनों को बसाने के लिए लगातार प्रयासरत है. सरकार ने पिछले 15 अगस्त को भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा देने का एक बड़ा लक्ष्य तय किया था, जिसके तहत अब तक एक लाख से अधिक जरूरतमंद लोगों को जमीन का पर्चा वितरित किया जा चुका है.
30 हजार और भूमिहीन लोगों को जमीन का पर्चा
मंत्री ने आगे बताया कि बिहार सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर आने वाले 15 नवंबर को एक बार फिर से 30 हजार और भूमिहीन लोगों को जमीन का पर्चा देने का काम किया जाएगा. दिलीप जायसवाल ने का दावा है कि एक साथ 30 हजार लोगों को जमीन का पर्चा देने का यह अपने आप में देश का पहला अनोखा अभियान होगा, जो राज्य के गरीबों के कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.
पटना आने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं
आवेदन प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इसके लिए भूमिहीन परिवारों को अनावश्यक रूप से पटना आने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है. लोग अपने क्षेत्र के पंचायत सरकार भवन या संबंधित अंचल कार्यालय में जाकर आसानी से इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. प्राप्त होने वाले सभी आवेदन सीधे संबंधित अंचलाधिकारी यानी सीओ के स्तर पर प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाए जाएंगे.
गरीबों-भूमिहीनों को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य
दिलीप जायसवाल ने जनता से अपील की है कि कुछ असामाजिक तत्व या ठग भूमिहीन परिवारों को गुमराह और बरगलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं, इसलिए ऐसे लोगों से पूरी तरह सावधान रहने की जरूरत है. सरकार की यह पहल राज्य के गरीबों और भूमिहीनों को उनका हक दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत और पारदर्शी कदम साबित हो रही है.
रिपोर्ट: सन्नी कुमार