SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

समस्तीपुर में कोचिंग जा रही लड़की से छेड़खानी: सुनसान रास्ते में मनचले ने किया खींचतान, शोर मचाने पर लोगों ने धर दबोचा

बिहार में लड़कियों के खिलाफ अपराध की आए दिन घटनाएं हो रही हैं. राज्य सरकार को चाहिए कि इसके खिलाफ एक विस्तृत कार्ययोजना बनाए और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे, ताकि आधी आबादी खुद को सुरक्षित महसूस कर सके.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 14, 2026, 01:38 PM IST | Updated: Oct 14, 2026, 01:59 PM IST
Image Credit: समस्तीपुर में हुई छेड़छाड़ की घटना का आरोपी (Video Grab)
Join

बिहार के समस्तीपुर में एक और लड़की से दिनदहाड़े छेड़खानी का मामला सामने आया है. जिले के हसनपुर थानाक्षेत्र के सकरपुरा-हसनपुर रोड पर होली मिशन स्कूल से पहले सुनसान जगह पर ट्यूशन के लिए जा रही एक छात्रा के साथ मनचले ने छेड़खानी की.

बताया जा रहा है कि लड़की दिन के 11 बजे पैदल कोचिंग करने हसनपुर जा रही थी. इस दौरान युवती का पीछा करते हुए युवक साइकिल से पहुंचा. जैसे ही लड़की इलाके में पहुंची उसका बैग पकड़कर उसे गन्ने के खेत में खींचने लगा. इस पर लड़की ने शोर मचाया. लड़की का शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग पहुंच गए.

READ ALSO: 'बेटी के प्रेम-प्रसंग से था नाराज': जी मीडिया पर पिता ने कबूला जुर्म, बोला- हत्या कर नदी में फेंका शव

लोगों को आते देख मनचला गन्ने के खेत में छिप गया. लोगों ने काफी खोजबीन के बाद उसे धर लिया और जमकर पिटाई की. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.

मनचला रामपुर गांव निवासी कारी महतो का बेटा धर्म कुमार बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 20 साल बताई जा रही है. हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पिछले महीने लड़कियों से छेड़छाड़ के 3 वीडियो हुए थे वायरल

इससे पहले, पिछले महीने समस्तीपुर में एक के बाद एक लड़कियों से छेड़छाड़ के 3 वीडियो वायरल हुए थे. सबसे पहले कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड पर लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था. घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने देर रात ही छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया था. इन आरोपियों के खिलाफ कर्पूरीग्राम थाना में 117/26 बीएनएस, पॉस्को और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. वीडियो वायरल होने के 6 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था.

दूसरी घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा था. हालांकि, वह घटना एक साल पहले की बताई जा रही थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटवसेपुरा निवासी धर्मेंद्र साहनी और मोरवा डीह निवासी रौशन मिश्रा के रूप में हुई थी.

समस्तीपुर में लड़कियों से अभद्रता का तीसरा वीडियो भी वायरल हुआ था. तीसरा वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया गया. वीडियो में एक युवती कुछ युवकों के सामने हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार करती दिख रही है. आरोप है कि युवती के हाथ जोड़ने और मिन्नत करने के बावजूद युवक नहीं माने और उसके साथ मारपीट करते दिखे.

एडीजी को आना पड़ा था समस्तीपुर

जिले में लगातार ऐसी वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कारवाई की समीक्षा के लिए एडीजी डॉ. कमल किशोर समस्तीपुर पहुंचे और एसपी कार्यालय में डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारीयों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. एडीजी डॉ. कमल किशोर ने कहा कि समस्तीपुर जिले मे जो घटनाएं हुई हैं, उसे लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. आगे ऐसी वारदात न हो, इसके लिए व्यापक कार्य योजनाएं बनाई गई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES