)
बिहार के समस्तीपुर में एक और लड़की से दिनदहाड़े छेड़खानी का मामला सामने आया है. जिले के हसनपुर थानाक्षेत्र के सकरपुरा-हसनपुर रोड पर होली मिशन स्कूल से पहले सुनसान जगह पर ट्यूशन के लिए जा रही एक छात्रा के साथ मनचले ने छेड़खानी की.
बताया जा रहा है कि लड़की दिन के 11 बजे पैदल कोचिंग करने हसनपुर जा रही थी. इस दौरान युवती का पीछा करते हुए युवक साइकिल से पहुंचा. जैसे ही लड़की इलाके में पहुंची उसका बैग पकड़कर उसे गन्ने के खेत में खींचने लगा. इस पर लड़की ने शोर मचाया. लड़की का शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग पहुंच गए.
लोगों को आते देख मनचला गन्ने के खेत में छिप गया. लोगों ने काफी खोजबीन के बाद उसे धर लिया और जमकर पिटाई की. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मनचला रामपुर गांव निवासी कारी महतो का बेटा धर्म कुमार बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 20 साल बताई जा रही है. हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले, पिछले महीने समस्तीपुर में एक के बाद एक लड़कियों से छेड़छाड़ के 3 वीडियो वायरल हुए थे. सबसे पहले कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड पर लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था. घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने देर रात ही छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया था. इन आरोपियों के खिलाफ कर्पूरीग्राम थाना में 117/26 बीएनएस, पॉस्को और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. वीडियो वायरल होने के 6 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था.
दूसरी घटना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा था. हालांकि, वह घटना एक साल पहले की बताई जा रही थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटवसेपुरा निवासी धर्मेंद्र साहनी और मोरवा डीह निवासी रौशन मिश्रा के रूप में हुई थी.
समस्तीपुर में लड़कियों से अभद्रता का तीसरा वीडियो भी वायरल हुआ था. तीसरा वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया गया. वीडियो में एक युवती कुछ युवकों के सामने हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार करती दिख रही है. आरोप है कि युवती के हाथ जोड़ने और मिन्नत करने के बावजूद युवक नहीं माने और उसके साथ मारपीट करते दिखे.
जिले में लगातार ऐसी वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कारवाई की समीक्षा के लिए एडीजी डॉ. कमल किशोर समस्तीपुर पहुंचे और एसपी कार्यालय में डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारीयों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. एडीजी डॉ. कमल किशोर ने कहा कि समस्तीपुर जिले मे जो घटनाएं हुई हैं, उसे लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. आगे ऐसी वारदात न हो, इसके लिए व्यापक कार्य योजनाएं बनाई गई हैं.