)
Bihar Flood: बिहार में गंडक नदी के रौद्र रूप के कारण एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. गोपालगंज के बैकुंठपुर में रिंग बांध टूटने से कई गांवों में पानी तेजी से फैल रहा है, वहीं सारण के मकेर में भी तटबंध टूटने से अफरा-तफरी मच गई है. मोतिहारी में रिंग बांध में हो रहीं लीकेज से चिंता बढ़ी हुई है, जबकि बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग पर एक से दो फीट बाढ़ का पानी बह रहा है. कई इलाकों में प्रशासन और स्थानीय लोग बांधों को बचाने में जुटे हुए है.
गोपालगंज में गंडक नदी उफान पर
गोपालगंज में गंडक नदी उफान पर है. बैकुंठपुर के शीतलपुर में आज सुबह रिंग बांध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है. जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. रिंग बांध टूटने के बाद पानी सारण बांध की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शीतलपुर, फैजुलाहपुर, नरवार, बहरामपुर समेत करीब दर्जनभर गांवों के प्रभावित होने का खतरा है. रिंग बांध टूटने की सूचना के बाद गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पूर्व विधायक प्रेमशंकर यादव प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
वहीं राजद के पूर्व विधायक प्रेमशंकर यादव भी शीतलपुर छरकी पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की. उन्होंने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि कल अधिकारियों को बांध में लीकेज की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई. इसके कारण आज सुबह रिंग बांध टूट गया और बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा.
मकेर प्रखंड में तटबंध टूटने से अफरा-तफरी
उधर सारण जिले के मकेर प्रखंड में भी तटबंध टूटने से अफरा-तफरी मच गई है. बाघाकोल और हैजलपुर के बीच गंडक नदी का तटबंध टूट गया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेजी से पानी फैलने लगा. नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पहले से ही बाढ़ का खतरा बना हुआ था. तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.

सारण के डीएम और एसएसपी ने स्थिति लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली. डीएम ने तटबंध की तत्काल मरम्मत कराने के लिए गंडक विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. साथ ही लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील भी की गई है.
नगदाहां रिंग बांध लीकेज होने से बढ़ी चिंता
मोतिहारी में गंडक नदी का जलस्तर फिलहाल उतना ही है, लेकिन अरेराज प्रखंड के नगदाहां रिंग बांध के सुलिस गेट में लीकेज होने से चिंता बढ़ गई है. सूचना मिलते ही गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी और नगदाहां पंचायत के सरपंच विनोद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लीकेज को रोकने का प्रयास किया जा रहा है. सरपंच का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से जल संसाधन विभाग को इसकी जानकारी दी जा रही थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग पर बाढ़ का पानी
इधर बेतिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ का भर गया है. फुलवखाड़ के पास चंपारण तटबंध टूटने के बाद सड़क पर करीब एक से दो फीट पानी तेज धारा के साथ बह रहा है. इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं. मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार (मोतिहारी), मदेश तिवारी (गोपालगंज), धनंजय द्विवेदी (बेतिया), राकेश कुमार सिंह (छपरा)