)
Bhojpur News:भोजपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने गुरुवार को उस वक्त दहशत मचा दी, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर कस्टम अधिकारी को उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. यह सनसनीखेज वारदात नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज पूर्वी गेट के पास घटी. पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह रोज की तरह अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से निकल ही थे कि सामने से हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह अपने पूरे परिवार के साथ जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास निजी मकान में रहते थे और बिल्डर का काम भी करते थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और छानबीन में जुट गए हैं. इस वारदात से इलाके के लोगों में भय का आलम है.
माना यह जा रहा है कि जमीन के विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. गोली मारने वाले अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है. रामकुमार सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
इस घटना को लेकर भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन के विवाद में वारदात को अंजाम देने का शक है. इस कांड में जो भी शामिल होगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
हालांकि मृतक रामकुमार सिंह की पत्नी ने शहर के कुछ लोगों पर शक जताया है. उनका आरोप है कि पिछले कई दिनों से उनके पति को कॉल करके धमकियां दी जा रही थीं. इस घटना से गुस्साए क्षत्रिय समाज के लोगों ने सदर हॉस्पिटल के सामने सड़क जाम कर सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित सहित कई वरीय पदाधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. मौके पर एफएसएल की टीम भी साक्ष्य इकट्ठा करने में जुट गई है.
बिहार के आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या और नालंदा में सिपाही की गोली मारकर हत्या के मामले में पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर होना चाहिए. Zee मीडिया से खास बातचीत में नीरज ने कहा, हम मानते है कि ये बड़ी घटनाएं हैं और इसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अपराधियों के दिल में भय और दहशत कायम हो सके. ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर बहुत जरूरी है. जनता के दिल में जो पुलिस के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए. अपराधियों के दिल में भय और खौफ होना चाहिए अगर बिहार में अपराध करोगे तो बचोगे नहीं, इसकी गारंटी होनी चाहिए.
रिपोर्ट: मनीष कुमार सिंह, बक्सर