पटना के आसपास के क्षेत्रों के लिए अब सफर होगा आसान: दानापुर, बिहटा समेत इन रूटों पर चलेगी ई-बसें, देखें रूट चार्ट
Patna News: बिहार को केंद्र सरकार की ओर से 27 नई पीएम ई-बसें मिली हैं. इसके बाद राज्य में पीएम ई-बसों की कुल संख्या 52 हो गई है. पटना के आसपास मनेर, जानीपुर, हाजीपुर, नौबतपुर, पालीगंज और अन्य रूटों पर बसें चलाने की योजना है. वहीं, महिलाओं की सुविधा के लिए 8 पिंक बसें भी चलाई जाएंगी.
Patna News: राजधानी पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में परिवहन की सुविधा अब और अधिक सुगम और बेहतर होने जा रही है. क्योंकि बिहार को केंद्र सरकार की तरफ से 27नई पीएम ई-बसें मिल गई हैं. इससे पहले भी बिहार में 25 पीएम ई-बसें चलती थी. लेकिन इसकी संख्या कम होने के कारण आने जाने में लोगों को कठिनाईयों का सामना करने पड़ता था. लेकिन 27 नई पीएम ई-बसें मिल जाने से अब बिहार में बसों की कुल संख्या बढ़कर 52 हो गई है. नई बसों के मिलने से यात्रियों को आने-जाने में अब आसानी होगी और शहर के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी इसका विस्तार होगा.बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के अनुसार अब इन नई ई-बसों को राजधानी पटना के बाहर विभिन्न रूटों पर चलाने की भी योजना बनाई जा रही है. इनमें मनेर, जानीपुर, हाजीपुर, नौबतपुर, जंदाहा, बिक्रम और जगनपुरा आईएसबीटी जैसे इलाके शामिल हैं.
पटना के आसपास के क्षेत्रों में चलेंगी नई ई-बसें
BSRTC के अनुसार एक रूट चार्ट तैयार किया गया है. इसके अनुसार बिहटा-अम्हारा, दानापुर शिवाला और जानीपुर रूट पर 10-10 बसों को चलाने की योजना है. वहीं, पालीगंज के लिए चार बसें, नौबतपुर, मनेर, हाजीपुर-जंदाहा, आईएसबीटी जगनपुरा और बिक्रम रूट पर दो-दो बसें चलाई जाएंगी. इन रूटों पर बसें चलाई जाने के बाद पटना शहर के आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को आसानी होगी और बेहतर परिवहन की सुविधा मिलेगी. इस नई ई-बस के चलने के बाद बिहार में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी.
महिलाओं के लिए चलेंगी 8 पिंक बसें
वहीं महिलाओं की सुरक्षा को दखते हुए पिंक बस भी इसमें शामिल किया जाएगा. BSRCT के निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार, पटना के कारगिल चौक से पालीगंज के लिए दो पिंक बसें चलाई जाएंगी. वहीं, दानापुर रूट पर तीन और जानीपुर रूट पर भी तीन पिंक बसें चलाई जाएंगी. इस तरह महिलाओं के लिए भी 8 अलग से पिंक बसें चलाने की व्यवस्था कि गई है. जिससे, पटना के आसपास के क्षेत्रों से आने वाले महिलाओं की यात्रा में भी आसानी होगी.
बिहार को मिलेंगी कुल 400 एसी इलेक्ट्रिक बसें
आपको बता दें कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को कुल 400 एसी इलेक्ट्रिक बसें मिलने की योजना है. इनमें से 150 अकेले राजधानी पटना के लिए आवंटित की जाएंगी. इसके अलावा गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया को 50-50 बसें मिलेंगी. जिससे राजधानी पटना के अलावा इन जिलों में भी परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.