पहले खाना खा लो, फिर गाना बजाना: छठी कार्यक्रम में नाच रहा भांजा भड़का, मामा के बेटे को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट
नवादा में 29 सितंबर, 2026 दिन मंगलवार को एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. यहां पर छठी में डीजे पर गाने को लेकर खूनी संघर्ष हो गया. भांजे ने मामा के बेटे को चाकू मारकर मौत के घाट उतारा दिया. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवनपुरा गांव में छठी कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए झगड़े में भांजे ने अपने ही मामा के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो अन्य भाइयों पर भी चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.
एक की मौत, दो जख्मी
मृतक की पहचान भोला मांझी के 25 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है. वहीं, उसके दो भाई प्रदीप कुमार और सूरज कुमार घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
छठी में डीजे पर गाने को लेकर खूनी संघर्ष
मृतक के चाचा सीताराम मांझी ने बताया कि गांव में छठी का कार्यक्रम चल रहा था और डीजे लगा हुआ था. इसी दौरान मृतक संदीप ने कहा कि पहले खाना खा लो, फिर गाना बजाना. इसी बात को लेकर नवादा से आए भांजे श्याम और उसके पांच साथियों से कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि श्याम और उसके साथियों ने धारदार चाकू से तीनों भाइयों पर हमला कर दिया.
नशे में थे सभी आरोपी, पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मातम पसर गया. सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी भांजे श्याम समेत पांच लोगों को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. ग्रामीणों के अनुसार, सभी आरोपी नशे में थे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
दुष्कर्म-हत्या के दो फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चस्पा किया इश्तेहार
वहीं, दूसरी तरफ नवादा के रोह थाना क्षेत्र के समरैठ गांव में महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. न्यायालय के आदेश पर रोह थाना पुलिस समरैठ गांव पहुंची और ढोल-नगाड़े के साथ आरोपियों के घर पर इश्तेहार चस्पा किया. इस दौरान गांव में हड़कंप मच गया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि रोह थाना कांड संख्या 59/26 में समरैठ निवासी बीजो यादव, पिता- सीवन यादव और अरविंद यादव, पिता- छेनार यादव लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी के बावजूद दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. न्यायालय से इश्तेहार की प्रक्रिया प्राप्त होने के बाद दोनों के घरों की दीवार पर इश्तेहार चिपकाकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है. दोनों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा