App

दिल्ली की महारैली में गरजे तेजस्वी यादव, ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग

दिल्ली के रामलीला मैदान में तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल में डालना चाहिए. तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि उन्हें देश चुनना है या ज्ञानेश कुमार को?

दिल्ली की महारैली में गरजे तेजस्वी यादव, ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग
Image Credit: दिल्ली की महारैली में तेजस्वी की हुंकार (वीडियो ग्रैब)

राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार (2 नवंबर, 2026) को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की महारैली में केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की. तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अब कुरुक्षेत्र की लड़ाई लड़नी पड़ेगी.

'वोट चोरों के खिलाफ महाभारत का आयोजन'

तेजस्वी यादव ने रामलीला मैदान में महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि इस मैदान में आमतौर पर रामायण के लिए आयोजन होता है, लेकिन आज यहां वोट चोरों के खिलाफ महाभारत का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि महाभारत की शुरुआत रणभूमि से नहीं, बल्कि जुए से हुई थी. शकुनि ने जिस तरह अपना खेल खेला था, उसी तरह आज भी लोकतंत्र के साथ खेल हो रहा है. जब शकुनि अपना खेल खेल रहा है तो हमें कुरुक्षेत्र की लड़ाई लड़नी पड़ेगी.

'देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल में डालना चाहिए'

तेजस्वी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल में डालना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति देश के लोकतंत्र को खत्म करने और संविधान के साथ छेड़छाड़ करने की हिम्मत न करें. लोकतंत्र की जननी बिहार से ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआत की गई. उन्होंने टीसीएस टेंडर घोटाले का भी जिक्र किया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में उसका कोई योगदान नहीं था.

उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग अंग्रेजों के सामने डरते थे, वे आज देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांट रहे हैं और तय कर रहे हैं कि कौन वोट देगा और कौन नहीं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे खतरनाक चीज तानाशाह नहीं, बल्कि सरकार की कठपुतली बन चुकी संस्थाएं होती हैं. आज संवैधानिक संस्थाएं न्याय करने के बजाय निर्णय लेने का काम कर रही हैं.

'देश के लोकतंत्र को मिटने नहीं देंगे'

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि उन्हें देश चुनना है या ज्ञानेश कुमार को. तेजस्वी ने कहा कि यह लड़ाई देश के मतदाताओं और वोट चोरों के बीच है. उन्होंने महारैली में मौजूद लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि किसी भी परिस्थिति में देश के लोकतंत्र को मिटने नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहीं से इंडिया गठबंधन का गठन हुआ था. तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगी. उन्होंने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More