बिहार विधान परिषद चुनाव में दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर, राजद के अनिल झा ने बीजेपी के सर्वेश कुमार को हराया
दरभंगा स्नातक सीट पर राजद प्रत्याशी के अनिल झा ने बीजेपी के सर्वेश कुमार को हराया. द्वितीय वरीयता की मतगणना में राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल झा जीते.
बिहार विधान परिषद चुनाव में दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर गुरुवार को देखने को मिला. राजद प्रत्याशी के अनिल झा ने बीजेपी के सर्वेश कुमार को हराया. द्वितीय वरीयता की मतगणना में राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल झा जीते. हालांकि, बीजेपी के सर्वेश को कल विजयी घोषित कर दिया गया था.
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि दरभंगा स्नातक की 27 अक्टूबर से मतगणना हो रही है. आज 29 अक्टूबर खत्म होने को है. 10 प्रतिशत मत अवैध घोषित करने के बावजूद राजद दरभंगा स्नातक से जीत रही है, लेकिन चुनाव आयोग मतगणना में जबरन बीजेपी की जीत खोज रहा है, परंतु हम ऐसा होने नहीं देंगे. राजद कार्यकर्ता मजबूती से काउंटिंग सेंटर पर हैं. बीते 56 घंटे से चुनाव आयोग बेईमानी की कोशिश कर रहा है, लेकिन ऐसा हरगिज़ नहीं होने दिया जाएगा. लोकतंत्र बचाने के लिए जनता अब आर-पार करने के मूड में है.
दरअसल, बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव ने इस बार राजनीति में रुचि रखने वाले आम लोगों को भी अपनी तरफ खींच लिया था. विधानसभा चुनाव के बाद हर कोई यही कयास लगा रहा था कि क्या एनडीए का दबदबा कायम रहेगा या इस बार कोई नया उलटफेर देखने को मिलेगा.
परिणामों वाले दिन सुबह से ही लोगों के फोन घनघनाने लगे थे. जिसे चुनावी गणित की ज्यादा समझ नहीं थी, वह भी अपने चहेते दलों की जीत-हार पर कयास लगा रहा था. खासकर, जब शुरुआती रुझानों में जन सुराज समर्थित उम्मीदवार आगे निकलते दिखे, तो उनके समर्थकों का जोश देखने लायक था. दिनभर लोग सोशल मीडिया के पन्ने पलटते रहे और एक-दूसरे को फोन कर पल-पल की अपडेट लेते रहे. टीवी स्क्रीन पर टकटकी लगाए बैठे लोगों के लिए यह मुकाबला किसी थ्रिलर से कम नहीं था.
मंगलवार शाम जब वोटों की गिनती शुरू हुई, तो मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया. पहले राउंड की गिनती के बाद राजद समर्थित अनिल कुमार झा ने एनडीए समर्थित सर्वेश सिंह पर बढ़त बना ली थी. हालांकि, जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ी, लगभग 7,000 वोटों के आंकड़े पर तस्वीर बदली और बीजेपी के सर्वेश कुमार ने मामूली अंतर 237 वोटों से बढ़त हासिल कर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया था, लेकिन गुरुवार को नतीजों ने सबकुछ बदल दिया और राजद को जीत मिल गई.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
यह भी पढ़ें: 2 बीजेपी और 2 राजद: बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए को बड़ा झटका, 8 में से 3 पर ठिठक गया सत्तारूढ़ गठबंधन