BJP सांसद संजय जायसवाल की गाड़ी पर फेंका गया गोबर: बाढ़ पीड़ितों ने CM सम्राट के सामने भी की नारेबाजी
बेतिया में इन दिनों गंडक नंदी का कहर देखने के लिए मिल रहा है. नदी का जलस्तर बढ़ता ही जा रही है. इस वजह से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है. रातभर लोग टेंशन में गुजार रहे हैं. उन्हें डर है कि कब उनका घर नदी में समा जाएगा. इस दौरान प्रशासन के काम से नाराज लोगों ने विरोध-प्रर्दशन किया. इसी सबको लेकर बुधवार को बीजेपी सांसद संजय जायसवाल को भारी विरोध का सामना करना पड़ा.
गंडक के रौद्र रूप से पश्चिम चंपारण में बाढ़ से हालात काफी खराब हो रखी है. नदी का बहाव इतना तेज है कि कई जगहों पर तटबंध टूट गए हैं. हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. इस दौरान पश्चिम चंपारण से बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल भी उनके साथ मौजूद रहे. इसी दौरान बेतिया में संजय जायसवाल को लोगों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा. आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों ने सांसद संजय जायसवाल की गाड़ी पर गोबर फेंका और उनको घेर लिया. सुरक्षाबल के जवानों ने कड़ी मशक्कत कर उनको बथना से निकाला.
संजय जायसवाल का झेलना पड़ा विरोध
बीजेपी सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल सपनों में भी यह कभी नहीं सोचे होंगे कि उनके साथ जनता इतना दुर्व्यवहार करेगी. बैरिया में भीड़ ने उनको और स्थानीय नरकटियागंज विधायक को घेर लिया. इस कारण से दोनों को सुरक्षा की वजह से काफी देर तक स्कूल परिसर में रहना पड़ा. किसी तरह सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गाड़ी तक पहुंचाया. इतना ही नहीं लोगों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने ही सांसद संजय जायसवाल और नरकटियागंज विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख मुख्यमंत्री कुछ देर बाद वहां से रवाना हो गए.
सीएम सम्राट के जाते ही बेकाबू हुई भीड़
मुख्यमंत्री के जाने के बाद हालात और ज्यादा बिगड़ गए. आक्रोशित लोगों ने सांसद की गाड़ी पर गोबर फेंक दिया और वाहन पर हाथ भी मारे. बाद में पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच सांसद को वहां से निकाला. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना ऐसे समय हुई जब पश्चिम चंपारण में बाढ़ से हालात काफी भयावह हो गए हैं. बगहा गेज पर गंडक नदी का जलस्तर अब तक के उच्चतम स्तर 91.25 मीटर पर पहुंच गया है. अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं.
तटबंधों को तोड़कर आगे बढ़ रही गंडक
बता दें कि गंडक के रौद्र रूप से चंपारण के बाद सारण में भी दो जगह तटबंध टूट गया. इसके अलावा गोपालगंज जिले में भी एक बांध ध्वस्त हो गया. मुजफ्फरपुर जिले के पारू में नदी का मुख्य बांध टूट गया है. जानकारी के मुताबिक, हैजलपुर और बाघाकोल गांव के समीप मुख्य तटबंध, पुरूषोत्तम के पास महेश छपरा में नेशनल हाईवे 722 का रिंग बांध और गोपालगंज के शीतलपुर में जमींदारी बांध टूट गया. उधर, मुजफ्फरपुर के पारू के जयमल डुमरी में भी गंडक का तटबंध टूट गया है.
रिपोर्ट- धनंजय