भीड़ पर सिपाही ने तान दी AK-47! साथी जवान ने रोका, समस्तीपुर में मासूम की मौत पर बवाल
समस्तीपुर में मासूम की मौत के बाद बवाल होने की घटना सामने आई. इस दौरान भीड़ ने सड़क पर आगजनी की और पुलिस से भिड़ंत हो गई. वहीं, पुलिस के एक जवान ने भीड़ पर AK-47 तान दी. पुलिस के एक जवान ने ऐसा करने से रोक दिया. इसका का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है.
समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ा पंचायत अंतर्गत सिंधियाही गांव में पांच वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद जमकर बवाल हुआ. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी और हंगामा किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. इसी बीच भीड़ की ओर एक पुलिसकर्मी तरफ से AK-47 राइफल तानने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भीड़ पर AK-47 तानने का वीडियो वायरल, साथी पुलिसकर्मी ने रोका
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब जवान ने भीड़ पर एके-47 तानी, तो मौके पर मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे रोक दिया. घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली और भीड़ के बीच हथियार तानने को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
सड़क हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सिंधियाही गांव में मुकेश सहनी के चार वर्षीय पुत्र अंशु कुमार की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी. बताया जाता है कि बच्चा अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने उसे ठोकर मार दी. हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. सूचना पर पहुंची खानपुर थाने की पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस के सरकारी वाहन डायल-112 में तोड़फोड़ भी की. हालात बिगड़ने पर एक पुलिसकर्मी ने अपने हाथ में मौजूद AK-47 राइफल भीड़ की तरफ तान दी. हालांकि, साथ मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने तत्काल उसे रोक दिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसके अलावा, पुलिस को खदेड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची
इधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चे को मोटरसाइकिल से ठोकर मारने वाला व्यक्ति स्थानीय मुखिया का पुत्र है. परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची और आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई.
रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय