छत्तीसगढ़ की रेण नदी में डूबे बिहार के 4 लोग, एक ने कुछ दिन पहले ही जीता था गोल्ड मेडल
छत्तीसगढ़ की रेण नदी में डूबने से बिहार के कटिहार और हाजीपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोरकर बुरा हाल है. मरने वालों में एक नाबालिग बच्चे ने अभी हाल ही में गोल्ड मेडल भी जीता था.
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में रेण नदी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में बिहार के हाजीपुर के पिता-पुत्र और कटिहार के दो भाई शामिल हैं. कटिहार के दोनों नाबालिग अपने रिश्तेदार मौसा के यहां गए हुए थे, जहां सूरजपुर जिले में रेण नदी में नहाने के दौरान राम सरस्वतीपुर घाट पर डूब गए. इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हाजीपुर के रहने वाले थे विवेक कुमार
मृतकों की पहचान विवेक कुमार सिंह (45), उनके बेटे अभिजीत सिंह (20) और गोपाल कृष्ण (13) और कृष्ण गोपाल (15) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, गोपाल कृष्ण ने 4 अक्टूबर को देहरादून में राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था.
45 साल के विवेक कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के हाजीपुर के रहने वाले थे. इस घटना की टेलीफोनिक पुष्टि करते हुए कटिहार के सागर सिंह उर्फ सेट्टी सिंह के बड़े भाई शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है.
उन्होंने बताया कि इनमें उनके छोटे भाई के साढू विवेक सिंह, विवेक सिंह के पुत्र अभिजीत सिंह और उनके भाई सागर सिंह उर्फ सेट्टी सिंह के दो पुत्र गोपाल कृष्ण, उम्र 13 बर्ष और कृष्ण गोपाल, उम्र 15 बर्ष की मौत होने की बात कही जा रही है. शैलेंद्र जयप्रकाश नगर निवासी सेट्टी सिंह के बड़े भाई है. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर वे लोग छत्तीसगढ़ जा रहे हैं. वहां पर पहुंचने के बाद ही यह बता सकते हैं कि घटना कैसे हुई है.
यह भी पढ़ें: बख्तियारपुर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, हत्या के आरोपी सौरभ सिंह को पैर में लगी गोली
लापता युवक की खेत में मिली डेडबॉडी
वहीं, मसौढ़ी के धनरूआ थाना क्षेत्र में गुलरिया बीघा गांव स्थित खेत से एक युवक का शव मिला है. मृतक गुलरिया बीघा का रहने वाला था, जो एक दिन पहले से लापता था. परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है. सूचना पर धनरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस की तकनीकी और एफएसएल टीम को बुलाया गया. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या के बिंदु पर प्राथमिकी दर्ज की है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले भी मसौढी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को फेंकने का मामला सामने आया था. ग्रामीणों ने अपराध की घटनाओं पर आरोप लगाते हुए इसे पुलिस की विफलता बताया है.
कटिहार से रंजन कुमार और मसौढ़ी से प्रभंजन सिंह की रिपोर्ट