लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम, बिहार-झारखंड में घाटों की सजावट और सफाई तेज
Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम देखने को मिल रही है. बिहार-झारखंड में घाटों की सजावट और सफाई तेज हो गई है. छठ जैसे महान पर्व के अवसर पर ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है.
लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार-झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है. इस महापर्व को लेकर प्रशासन से लेकर आम जनता तक पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. परदेसों से घर लौट रहे प्रवासियों की भारी भीड़, रेलवे और बस स्टेशनों पर उमड़ती जनसैलाब, घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और बाजारों की रौनक इस बात की गवाही दे रही है कि यह पर्व लोगों के लिए कितना खास है. आइए जानते हैं विभिन्न जिलों से छठ पर्व की तैयारियों का हाल-
पटना: घर वापसी की होड़, बस अड्डों पर भारी भीड़
दीपावली के बाद छठ पूजा के लिए बिहार आने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे बस अड्डों पर दबाव बढ़ गया है. पटना के जीपीओ गोलंबर से बिहार के सभी जिलों के लिए चलने वाली बसों में काफी भीड़ दिख रही है. मुंबई, गुजरात, अहमदाबाद, सूरत और दिल्ली से पहुंचे लोगों का कहना है कि वे काफी कठिनाई से बिहार पहुंचे हैं, लेकिन घर आने पर उन्हें अपार खुशी महसूस हो रही है. कुछ यात्रियों ने यह भी बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान उनके सामान चोरी हो गए, फिर भी लोक आस्था के इस पर्व पर परिवार के सभी सदस्यों के एक साथ इकट्ठा होने की खुशी इन परेशानियों पर भारी पड़ रही है.
ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान
छठ जैसे महान पर्व के अवसर पर ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है. फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ नियमित एक्सप्रेस, सुपरफास्ट एक्सप्रेस और तेजस राजधानी जैसी वीआईपी ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं. स्थिति यह है कि तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी 6 से 10 घंटे तक लेट चल रही हैं, जिससे पटना जंक्शन पर पहुंचे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
बेतिया: मानदेय न मिलने से मायूसी
बेतिया के मझौलिया के सरिसवा पंचायत के स्वच्छाग्रहियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है. महापर्व छठ के अवसर पर भी वेतन न मिलने से उनका यह पर्व फीका पड़ गया है. सफाईकर्मियों का कहना है कि वे सड़क से कूड़ा उठाकर और गंदगी साफ कर गांव को स्वच्छ रखते हैं, लेकिन पिछले 13 महीनों से उन्हें वेतन नहीं दिया गया है. इस वजह से वे अपने परिवार के लिए नए कपड़े और पूजा का सामान खरीदने में असमर्थ हैं. उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि एक-दो दिन के भीतर उनका बकाया वेतन जारी किया जाए, ताकि वे भी धूमधाम से महापर्व मना सकें.
बाढ़: आकर्षक वॉल पेंटिंग से सजे छठ घाट
बाढ़ अनुमंडल में छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई है. कई घाटों पर खूबसूरत वॉल पेंटिंग और रंग-रोगन कर उन्हें आकर्षक लुक दिया गया है. सूर्य भगवान को अर्घ्य देती पेंटिंग के पास लोग सेल्फी लेते भी दिख जाते हैं. घाटों को पेंटिंग के जरिए धार्मिक रूप दिया गया है. इसके अलावा, घाटों पर साफ-सफाई के साथ चूने का छिड़काव भी कर दिया गया है. बाढ़ के पानी से घाट की सीढ़ियों पर कीचड़ और गाद जमा हो जाने से आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी, जिसे हटाकर सीढ़ियों को साफ कर दिया गया है.
घाट पर जाने वाले कच्चे रास्तों को भी समतल कर दिया गया है और फिसलन से बचने के लिए रेत की बोरियां डाल दी गई हैं. गहरे पानी में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए बांस की बैरिकेडिंग की गई है. साथ ही, सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं. डूबने से बचाने के लिए स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है. घाटों पर लाइटिंग, महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की भी पूरी व्यवस्था की गई है.
बक्सर: प्रवासियों के स्वागत की खास तैयारी
छठ व्रतियों के स्वागत के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन को सजाया जाएगा. डीएम ने स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए हैं. छठ महापर्व को लेकर दूसरे प्रदेशों से बिहार लौट रहे प्रवासी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. डीएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
इस दौरान उन्होंने रेल प्रशासन को यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित करने और स्टेशन की बेहतर सजावट करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार का सबसे बड़ा लोक आस्था का पर्व है, जिसमें दूसरे प्रदेशों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों का स्वागत बेहतर व्यवस्था के साथ किया जाए.
लातेहार: चाणक्य नगरी-कोयल नदी तट पर स्वच्छता अभियान
छठ महापर्व को लेकर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में लातेहार की चाणक्य नगरी स्थित छठ घाट पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने स्वच्छता अभियान चलाया. वहीं, गारू थाना क्षेत्र के कोयल नदी तट स्थित छठ घाट पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर व्यापक सफाई की. जेसीबी मशीन की सहायता से घाट परिसर में फैले कचरे और गंदगी को हटाया गया. व्रतियों के सुगम आवागमन के लिए रास्तों को दुरुस्त किया गया और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई. प्रशासन और सुरक्षा बलों की इस पहल से व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा.
खूंटी: बाजार में सूप और दऊरा की बिक्री जोरों पर
खूँटी में छठ महापर्व का माहौल अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. बाजार में सूप और दऊरा की बिक्री जोरों पर हो रही है. हालांकि इनके दाम ऊंचे हैं, फिर भी सूर्योपासना के इस महापर्व के लिए उपासक परिवार बाजार पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं. देहाती क्षेत्रों से लोग सूप-दऊरा बनाकर खूँटी ला रहे हैं, जिससे बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है.
पाकुड़: तालाबों की सफाई और चेंजिंग रूम का निर्माण
पाकुड़ जिले में नगर परिषद शहर के छठ तालाबों के घाटों और प्रखंड प्रशासन ग्रामीण इलाकों के घाटों की सफाई करा रहा है. महिलाओं के लिए घाटों के पास चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे. दीपावली से पहले शहर के करीब एक दर्जन छठ तालाबों के घाटों की सफाई कराई गई थी और अब दीपावली के बाद नगर प्रशासन और छठ पूजा समितियां मिलकर दोबारा सफाई में जुटी हैं.
शहर के कालीभषाण पोखर, टिनबंगला पोखर, तातीपारा, ठाकुरबाड़ी मंदिर, शिव शीतला मंदिर और सिंधी पाड़ा स्थित छठ पोखरों के घाटों की सफाई की जा रही है. आसपास तोरण द्वार और पंडाल भी बनाए जा रहे हैं. नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने बताया कि व्रतियों को परेशानी न हो, इसके लिए शहर में छठ पूजा के दो दिनों तक मांस-मछली की दुकानें बंद रखने का फैसला लिया गया है. वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन से मिले सैकड़ों सोलर लाइट शहर और छठ घाटों पर लगाए गए हैं.
-जी मीडिया
यह भी पढ़ें: छठ महापर्व से पहले बिहार के सरकारी कर्मचारियों की मौज! डीए में 3 फीसदी का इजाफा, पेंशनर्स की भी बल्ले-बल्ले