मोतिहारी में SSB के पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार पर CBI का शिकंजा, तस्करों से सांठगांठ में केस दर्ज
CBI action Motihari: CBI ने मोतिहारी में तैनात तत्कालीन SSB असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार पर शिकंजा कसा है. तस्करों के साथ मिलीभगत को लेकर मामला दर्ज किया गया है.
मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने वाली सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. एसएसबी की 20वीं बटालियन के तत्कालीन असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने औपचारिक रूप से केस दर्ज कर लिया है. उन पर भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों में शामिल रहने और सीमा पार के तस्करों के साथ मिलीभगत (साठगांठ) करने का गंभीर आरोप है.
हरियाणा के सोनीपत में छापेमारी और दस्तावेजों की जब्ती इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने त्वरित कार्रवाई की है. हाल ही में केंद्रीय एजेंसी की टीम ने आरोपी अधिकारी अमित कुमार के हरियाणा के सोनीपत स्थित पैतृक और वर्तमान आवास पर छापेमारी की.
जब्त किए गए दस्तावेज
तलाशी के दौरान सीबीआई ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक कागजात बरामद किए हैं. इनमें प्रमुख रूप से अकूत जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज और विभिन्न बैंकों के महत्वपूर्ण कागजात शामिल हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है. मोतिहारी में तैनाती और सेवा त्याग (Resignation) का कालक्रम जांच के दायरे में आए अमित कुमार का मोतिहारी और भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों से गहरा नाता रहा है.
वर्ष 2024-2025
इस समयावधि के दौरान उनकी पोस्टिंग मोतिहारी जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के भंगहा और कुण्डवा चैनपुर स्थित एसएसबी कैंप में रही थी. आरोप है कि इसी तैनाती के दौरान उन्होंने तस्करों को संरक्षण दिया और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया.
अचानक छोड़ा विभाग
अपनी संदिग्ध गतिविधियों और जांच की आहट के बीच, अमित कुमार ने इसी साल मार्च महीने में एसएसबी की सरकारी सेवा से इस्तीफा (रिजाइन) दे दिया था. सेवा छोड़ने के बावजूद सीबीआई ने उनके कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार और मिलीभगत के मामलों पर शिकंजा कसते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: बिहार में 23 लाख वाहनों पर लटकी जब्ती की तलवार! पुरानी नंबर प्लेट पर सख्त हुआ परिवहन विभाग, जानें कारण
सीमा सुरक्षा पर बड़ा सवाल भारत-नेपाल खुली सीमा पर राष्ट्र विरोधी और अवैध तस्कर गतिविधियों को रोकने की जिम्मेदारी जिस उच्च अधिकारी पर थी, यदि वही तस्करों से मिला हुआ पाया जाता है, तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक बेहद संवेदनशील विषय है. सीबीआई अमित कुमार पर लगे आरोप की पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेक्सस (सांठगांठ) में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और उन्होंने इस तस्करी के जरिए कितनी अवैध संपत्ति अर्जित की है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार