SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मिस्ट्री कॉल... स्विच ऑफ मोबाइल और 2 लाशें: गंडक नदी से मिले युवक-युवती के शव, बेगूसराय में सनसनी

बेगूसराय में गंडक नदी से 72 घंटे बाद 22 वर्षीय मसाला कारोबारी का शव मिला. शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 08, 2026, 07:02 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 07:10 PM IST
Image Credit: बेगूसराय में गंडक नदी से युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

बेगूसराय में गंडक नदी से एक युवती और एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. हालांकि, मृतक युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के केवट निजामत गांव निवासी अर्जुन साह के 22 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है. रोशन बाइक से घूम-घूमकर मसाला बेचने का कारोबार करता था और करीब सात वर्षों से इसी काम से जुड़ा था.

परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे रोशन का मोबाइल अचानक स्विच ऑफ हो गया. शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद थाने में आवेदन देकर उसकी तलाश की गुहार लगाई गई.

करीब 72 घंटे बाद नावकोठी थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि गंडक नदी से एक शव बरामद हुआ है. मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान रोशन कुमार के रूप में की. शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. लेकिन इस पूरे मामले में रहस्य उस वक्त और गहरा गया, जब रोशन के शव से महज 20 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात युवती का शव भी पुलिस ने बरामद किया. परिजनों ने युवती को पहचानने से इनकार किया है.

परिजनों का कहना है कि रोशन के मोबाइल की जांच के दौरान एक अज्ञात नंबर मिला. उस नंबर पर कॉल करने पर एक लड़की ने फोन उठाया और कथित तौर पर कहा कि उसने गलती से रोशन के नंबर पर कॉल कर दिया था. परिजनों के अनुसार, इस बातचीत के कुछ ही घंटे बाद रोशन का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया.

फिलहाल, एक ही स्थान से युवक और युवती के शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. आखिर रोशन गंडक नदी तक कैसे पहुंचा? युवती कौन है और दोनों के बीच क्या कोई संबंध था? मोबाइल बंद होने से पहले किससे बातचीत हुई थी?

इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुट गई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.

बताया जाता है कि रोशन दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस संबंध में बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि एक युवक और एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES