'2029 में BJP का बंधेगा बोरिया-बिस्तर, नहीं तो छोड़ दूंगा राजनीति' अमित शाह पर बरसे RJD सांसद सुरेंद्र यादव
जहानाबाद से RJD सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 30 साल तक बीजेपी के राज करने वाले बयान पर पलटवार किया है.
जहानाबाद के राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर बड़ा बयान दिया है. अमित शाह के 30 साल तक राज करने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सुरेंद्र यादव ने न केवल उनकी उम्र पर तंज कसा, बल्कि यह दावा भी किया कि अपने पुराने दिनों में जमानत पाने के लिए अमित शाह के बेटे ने उनसे संपर्क साधा था. सांसद ने यह भी दावा किया कि 2029 में बीजेपी का बोरिया-बिस्तर बंध जाएगा और अगर ऐसा नहीं हुआ, तो वह राजनीति छोड़ देंगे.
मुंद्रिका सिंह यादव की पुण्यतिथि पर राजद नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दरअसल, पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुंद्रिका सिंह यादव की पुण्यतिथि के मौके पर राजद कार्यालय में सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास सहित पार्टी के कई नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद सांसद सुरेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत की और अमित शाह के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
ये भी पढ़ें: JDU से निष्कासन पर अनंत सिंह का बड़ा बयान, बोले- 'कोई गम नहीं, अब अपनी नई पार्टी बनाऊंगा'
अमित शाह के बयान पर सुरेंद्र यादव ने कसा तंज
अमित शाह के अतीत का हवाला देते हुए सांसद ने उन्हें सीधे तौर पर निशाने पर लिया. उन्होंने जमानत के मामले में बिहार के जजों और बिचौलियों के जरिए पैरवी कराने का गंभीर आरोप भी लगाया. अमित शाह ने जो राहुल गांधी पर बयान दिए थे उसी का जिक्र करते हुए सुरेंद्र यादव ने कहा कि कल अमित शाह जी बड़े जोश-खरोश में बोल रहे थे कि 30 साल राहुल गांधी, तुम याद रखो, तुम्हारा राज नहीं लौटने वाला और बीजेपी 30 साल राज करेगी. क्या अमित शाह की उम्र 30 साल और रहेगी? अगर 30 साल बचेंगे, तो भले बीजेपी का राज रहेगा. अगर पहले चले जाएंगे, तो बीजेपी का पहले ही बोरिया-बिस्तर बंध जाएगा.
'2029 में बीजेपी का बोरिया-बिस्तर बंधने वाला है'
सुरेंद्र यादव ने आगे कहा कि हम अमित शाह को जानते हैं, ऐसा नहीं है कि नहीं जानते हैं. दर-दर की ठोकरें खा रहे थे बेल लेने के लिए. हम एक-एक बात जानते हैं कि किसको-किसको पकड़े थे, उसमें हमको भी पकड़े थे. क्योंकि उसमें सुप्रीम कोर्ट के जज बिहार के थे, उन्हीं के माध्यम से वो हम तक पहुंचे थे और उनका बेटा आया था. पैसे के बल पर वह बेल चाहते थे. तड़ीपार आदमी को कौन नहीं जानता है? आज लंबा-लंबा हांक रहे हैं. 2029 में इनका बोरिया-बिस्तर बंधने वाला है. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो पक्का मान लीजिए, हम राजनीति छोड़ देंगे.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार