बिहार में चक्रवात के असर से 28 अक्टूबर से बिगड़ेगा मौसम, 30-31 को भारी बारिश... जानें आज का अपडेट
बिहार में 28 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर तक के लिए अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलेंगी और बिजली भी गिरेगी.
बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. एक बार फिर से बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का सिलसिला शुरू होने वाला है. इस का कारण बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवात को माना जा रहा है. राज्य में हल्की-हल्की ठंड की शुरुआत भी हो गई है. सुबह-सुबह गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है. वहीं, शाम के समय में भी हाल कुछ ऐसा ही है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज, 26 अक्टूबर को बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग की माने, तो आज यानी 26 अक्टूबर 2026 को राज्य के तमाम जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बने रहने की संभावना है. राज्य के किसी भी हिस्से में आज बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है. तापमान की बात करें तो अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास फेरबदल देखने को नहीं मिलेगा.
28 अक्टूबर से बिगड़ेगा बिहार का मौसम
आने वाले दिनों के मौसम पर नजर डालें तो 27 अक्टूबर तक राज्य में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, असली बदलाव 28 अक्टूबर से शुरू होगा. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण 28 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बिगड़ेगा. इस दिन रोहतास, कैमूर, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को बारिश बिहार के कई जिलों को अपनी चपेट में ले लेगा. 29 अक्टूबर को पटना, गया, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 30 अक्टूबर को स्थिति और अधिक गंभीर होने की संभावना है, क्योंकि इस दौरान औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, रोहतास, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज समेत कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ-साथ भयंकर वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
31 और 31 को इन जिलों में भारी बारिश
30 और 31 को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर.
यह भी पढ़ें: यूपी में गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ मौसम का 'U-Turn': 28 अक्टूबर से बारिश के आसार, पूर्वांचल में झमाझम अलर्ट
राज्य में कैसा है तापमान का हाल?
राज्य भर में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक तापमान का यही रुख बरकरार रहेगा, लेकिन उसके बाद के 3 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ेगा.