बिहार STF का एक्शन: कुख्यात नक्सली दीपक समेत 5 गिरफ्तार, गोवा में ज्वेलरी शॉप और हत्या-डकैती की बना रहे थे योजना
बिहार STF ने बड़ी कार्रवाई की है और पूर्व नक्सली दीपक उर्फ डॉक्टर समेत 5 को दबोच लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी गोवा में ज्वेलरी शॉप लूटने और बिहार में डकैती और हत्या की घटना को अंजाम देने के लिए प्लानिंग कर रहे थे.
बिहार STF ने कुख्यात अपराधकर्मी और पूर्व नक्सली दीपक कुमार उर्फ डॉक्टर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी वैशाली और समस्तीपुर में लूट, डकैती और हत्या की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इसके अलावा, गिरोह के सदस्य गोवा में एक स्वर्ण आभूषण की दुकान में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में भी जुटे थे.
ये हैं गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार उर्फ डॉक्टर, चंदन कुमार सिंह, मोहम्मद तालिब, मोहम्मद रहमतुल्ला उर्फ साहेब और राहुल कुमार के रूप में की गई है. सभी आरोपी वैशाली और समस्तीपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान इनके पास से दो पिस्टल, 20 कारतूस, तीन मैगजीन, चार मोबाइल फोन और 32,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
कई लूट और डकैती की घटनाओं में संलिप्तता
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने समस्तीपुर के ताजपुर और वैशाली जिले के महुआ एवं रानीपोखर में गृह डकैती की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी. वहीं, वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा डाकघर में भी डकैती का प्रयास किया गया था. इन मामलों की जांच के दौरान गिरोह के सदस्यों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिली.
दो लोगों की हत्या की भी थी योजना
जांच में ये भी सामने आया है कि गिरोह का कथित सरगना दीपक उर्फ डॉक्टर समस्तीपुर के हलई थाना क्षेत्र में दो लोगों की हत्या की योजना बना रहा था. पुलिस के अनुसार, गिरोह गोवा में आभूषण की दुकान को निशाना बनाने के लिए जरूरी इंतजाम भी कर चुका था.
कई आपराधिक मामले दर्ज
बता दें कि दीपक उर्फ डॉक्टर के खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं. वहीं, चंदन कुमार सिंह समेत अन्य गिरफ्तार आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है. इस मामले में समस्तीपुर मुफ्फसिल थाने में कांड संख्या 478/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में आगे की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: सिवान में पटाखा विस्फोट के बाद अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटना में अवैध दुकानों पर छापेमारी
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा